मंत्री डा. संजय निषाद पर हमला करने का मुख्य आरोपित हुआ गिरफ्तार, कई दिनों से पुलिस को थी तलाश
sant kabir nagar news पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि मंत्री पर हमला करने वाले मुख्य आरोपित राधेश्याम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। घटना के बाद से ही चार टीम आरोपितों की गिरफ्तारी में लगी हैं। नामजद आरोपितों के साथ ही अज्ञात संदिग्धों पर पुलिस की नजर है। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस की हिरासत में होंगे।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री डा. संजय निषाद पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपित राधेश्याम यादव को पुलिस और एसओजी टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित को टीम ने मगहर के दुर्गा मंदिर तिराहे से उस समय पकड़ा जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था।
सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना के उड़री कटरा गांव के निवासी और मंत्री संजय निषाद के पर्सनल सिक्योरिटी आफिसर (पीएसओ) विनोद कुमार यादव ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने यह उल्लेख किया था कि 21/22 अप्रैल की रात करीब 12 बजे मंत्री जी खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कठार गांव में एक शादी समारोह में गए थे।
वहां पर उन पर जानलेवा हमला किया गया। इस पर पुलिस ने 22 अप्रैल को इस गांव के निवासी सुभाष यादव, गजेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव व दुर्गविजय यादव के खिलाफ मारने-पीटने, जानलेवा हमला करने आदि धारा में मुकदमा दर्ज किया था। इन चारों आरोपितों को इसी दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर-बस्ती मंडल में प्रशासकों की ओर से निकाली गई 58 करोड़ रुपये की होगी जांच, गलती मिली तो खैर नहीं
विवेचना के दौरान इसी गांव के मुख्य आरोपित राधेश्याम यादव की संलिप्तता सामने आई थी। सूचना मिलने पर गुरुवार को कोतवाली प्रभारी रामकृपाल सिंह, एसओजी प्रभारी सर्वेश राय के नेतृत्व में उप निरीक्षक पवन कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी दुर्गा मंदिर तिराहा पर पहुंचे। यहां से राधेश्याम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने के बाद उसे जेल भेज दिया।
इसे भी पढ़ें- दो दिनों से मकान के बाहर नहीं निकले थे मां-बेटे, पुलिस गेट खोलकर घर में पहुंची तो कमरे का नाराज देख हो गई सन्न
पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि मंत्री पर हमला करने वाले मुख्य आरोपित राधेश्याम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। घटना के बाद से ही चार टीम आरोपितों की गिरफ्तारी में लगी हैं। नामजद आरोपितों के साथ ही अज्ञात संदिग्धों पर पुलिस की नजर है। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस की हिरासत में होंगे।