शादी से घर लौट रहे थे दो युवक, बजरी से लदे बेकाबू ट्रक ने पीछे से बाइक को मारी टक्कर- दोनों की दर्दनाक मौत
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह दिल्ली से मुरादाबाद अकेला ही आया था। पत्नी और बच्चों को दिल्ली में ही छोड़ आया था। शादी में शामिल होने के लिए सतेंद्र सिंह अपने रिश्तेदार पिंकू चौहान निवासी एकता कालोनी मंडी गेट मुरादाबाद के साथ बिलारी गया था। सतेंद्र के भाई राहुल सिंह ने बताया कि दोनों शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद: मुरादाबाद-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित कुंदरकी बाइपास पर गुरुवार देर रात करीब एक बजे जैतपुर पट्टी गांव के सामने बजरी से लदे ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। हादसे में दोनों युवकाें की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले दोनों रिश्तेदार हैं। वे बिलारी में आयोजित शादी समारोह से घर लौट रहे थे। हादसे से मृतकों के स्वजन में मातम पसरा हुआ है।
संभल के थाना हजरत नगर गढ़ी क्षेत्र के ढकारी गांव निवासी सतेंद्र सिंह का परिवार मझोला थाना के जयंतीपुर कालोनी में रहता है। वह अपनी पत्नी रजनी सिंह के अलावा देवू और यश दो बच्चों के साथ दिल्ली के खिचड़ीपुर विलेज में मकान नंबर-154 में किराए पर रहता था। वह पत्नी ने परचूनी की दुकान कर रखी है। वह टैक्सी चलाता था। गुरुवार की रात को बिलारी में सतेंद्र सिंह की ममेरी साली की शादी का कार्यक्रम था।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह दिल्ली से मुरादाबाद अकेला ही आया था। पत्नी और बच्चों को दिल्ली में ही छोड़ आया था। गुरुवार को शादी में शामिल होने के लिए सतेंद्र सिंह अपने रिश्तेदार पिंकू चौहान निवासी एकता कालोनी, मंडी गेट, मुरादाबाद के साथ बिलारी गया था। सतेंद्र के भाई राहुल सिंह ने बताया कि दोनों शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे। पिंकू बाइक चला रहा था।
रास्ते में कुंदरकी बाइपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। हादसा इतना दर्दनाक हुआ कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिंकू की पत्नी को फोन करके घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में राहुल सिंह की तरफ से ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक कुंदरकी संजय कुमार पांचाल ने बताया कि ट्रक जैतपुर पट्टी कट पर हादसा हुआ है। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
पत्नी बच्चों को लेकर पहुंची, थम नहीं रहे आंसू
सड़क हादसे में सतेंद्र सिंह की मौत होने की सूचना मिलने पर पत्नी रजनी सिंह दिल्ली से बच्चों को लेकर मुरादाबाद आ गई हैं। रजनी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका हंसता खेलता परिवार टूट गया। बच्चों को पालने के लिए अब परिवार की उसका सहारा बचा है। उधर, जवान बेटे की मौत से मां शांति देवी और पिता हरपाल सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। राहुल सिंह ने बताया कि सतेंद्र सिंह पांच भाईयों में सबसे छोटा था। माता-पिता का लाड प्यार भी इस पर सबसे अधिक था। हादसे के समय भतीजा सुनील कुमार सिंह बाइक पर आगे चल रहा था। पिंकू की पत्नी के पास फोन आया तो उसने सभी रिश्तेदारों को सूचित किया। इसके बाद सभी रिश्तेदार बिलारी से शादी समारोह से ही मौके पर पहुंच गए।