सुबह दस बजे लखनऊ जंक्शन से सीतापुर को चलेगी पहली पैसेंजर, जल्दी करें
प्रस्तावित समय सारिणी तैयार। नोटिफिकेशन जल्द ही रेलवे बोर्ड जारी कर सकता है।
लखनऊ, जेएनएन। ऐशबाग से सीतापुर के बीच पैसेंजर टेनों का संचालन नौ जनवरी से शुरू हो जाएगा। रेलवे प्रशासन ने इस रूट की समय सारिणी तय कर दी है। प्रस्तावित समय सारिणी को पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय ने भी स्वीकृति दे दी है। इसका नोटिफिकेशन जल्द ही रेलवे बोर्ड जारी कर सकता है।
ऐशबाग की जगह लखनऊ जंक्शन तक पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रोजाना नियमित अंतराल पर सीतापुर से पैसेंजर टेनें चलेंगी। लखनऊ आने वाले दैनिक यात्रियों और छात्रों के लिए सुबह 6:30 बजे सीतापुर से रवाना होगी। यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन सुबह 9:20 बजे पहुंचेगी। इसी तरह दूसरी ट्रेन को सीतापुर से दोपहर 3:20 बजे चलाया जाएगा जो कि लखनऊ जंक्शन शाम 5:55 बजे आएगी। इसी तरह दोपहर 1:30 बजे सीतापुर से चलने वाली सवारी गाड़ी शाम चार बजे डालीगंज स्टेशन तक आएगी। लखनऊ जंक्शन से सुबह 10 बजे पहली ट्रेन सीतापुर की ओर रवाना होगी। जो दोपहर 1:50 बजे सीतापुर पहुंचेगी। दूसरी टेन दोपहर 12:25 बजे डालीगंज से रवाना होकर 2:50 बजे सीतापुर आएगी। लखनऊ जंक्शन से शाम को 6:40 बजे रवाना होने वाली पैसेंजर रात 9:30 बजे सीतापुर पहुंच जाएगी। उधर रेलवे ने गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस को सीतापुर तक चलाने के लिए भी उसका टाइम टेबल बना लिया है। ट्रेन 15009 गोरखपुर-सीतापुर एक्सप्रेस रात 10 बजे गोरखपुर से चलकर गोमतीनगर होकर लखनऊ जंक्शन आएगी।
ट्रेन सुबह 10:15 बजे सीतापुर पहुंचेगी। ट्रेन 15010 सीतापुर-गोरखपुर एक्सप्रेस सीतापुर से शाम 7:30 बजे चलकर लखनऊ जंक्शन-गोमतीनगर होते हुए गोरखपुर जाएगी। टेन का ठहराव लखनऊ जंक्शन के अलावा ऐशबाग, लखनऊ सिटी, मोहिबुल्लापुर, सिधौली स्टेशनों पर होगा। ट्रेन के संचालन की तिथि अभी तय नहीं है।