Double Murder: पिता और उसके दो बेटों ने खेली खून की होली, हाथरस में दंपती की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या
Hathras Crime News In Hindi Today हमलावरों ने दंपती पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। कुल्हाड़ी-डंडे से दंपती पर हमला किया। चीखपुकार सुन भीड़ एकत्रित हो गई। मौके से आरोपित फरार होकर खेत में छिप गए। वहीं दंपती की हत्या की खबर जब लोगों को लगी तो आक्रोशित लोगों ने दो घंटे जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा।
संवाद सूत्र, सिकंदाराराऊ (हाथरस)। परचून का समान उधार न देने को लेकर हुए विवाद के चलते गांव पोरा में दो युवकों व उनके पिता ने खून की होली खेली। होली वाली रात छप्पर में सो रहे दंपती की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए।
इन्हें लोगों के हवाले करने की मांग को लेकर कोतवाली पर हंगामा हुआ। शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे जाम लगाया गया। पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक तक हुई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
परचून की दुकान है
गांव पोरा निवासी बाबी का गांव के बाहर खेत है। पास ही मकान है, जिसमें परचून की दुकान है। शनिवार की शाम पास के गांव टोडरपुर निवासी नन्नू ने चीनी व तंबाकू उधार मांगा। न देने पर विवाद हो गया। ग्रामीणों ने दोनों को शांत कर दिया। बाद में नन्नू के सिर पर खून सवार हो गया। रात करीब साढ़े दस बजे शराब पीकर नन्नू और उसके बेटे राजकुमार व रामू कुल्हाड़ी-डंडे लेकर बाबी के घर पहुंच गए।
इन्होंने चारपाई पर सो रहे बाबी पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। पास में सो रही पत्नी सुनीता जान बचाने के लिए भागी तो 20 मीटर दूर उसे कुल्हाड़ी से काट दिया। दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मौका मिलते ही बाबी का बेटा पंकज चीखते हुए भागा और पास के खेत में छिप गया।
एसपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि पंकज की तहरीर पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। नन्नू और रामू को गिरफ्तार कर लिया है। राजकुमार की तलाश की जा रही है। कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।