खराब टोटी देख डीआरएम की चढ़ी त्यौरी
गाजीपुर : वाराणसी मंडल के डीआरएम सतीश कुमार कश्यप ने गुरुवार को सिटी स्टेशन पर हो रहे निर्माण कार
गाजीपुर : वाराणसी मंडल के डीआरएम सतीश कुमार कश्यप ने गुरुवार को सिटी स्टेशन पर हो रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस मौके पर खराब टोटी देखकर उनकी त्यौरी चढ़ गई। उन्होंने तत्काल मरम्मत करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने निर्माण की धीमी रफ्तार देखकर नाराजगी जताई।
शाम पांच बजे डीआरएम का सिटी स्टेशन पर आगमन हुआ। बिना क्षण गंवाए सीधे निरीक्षण शुरू कर दिया। प्लेटफार्म के विस्तारीकरण कार्य का जायजा लेने जाते समय उनकी नजर पेयजल के लिए लगी सूखी टोटी पर पड़ी। इसे देख उन्होंने नाराजगी जताते हुए मरम्मत करने को कहा। उन्होंने विस्तारीकरण की धीमी गति देखकर उसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके बाद पूछताछ काउंटर के पास गंदगी देख सफाई का इशारा करते हुए ओवरब्रिज पर पहुंचे। इसके बाद वह पत्रकारों से मुखातिब हुए। कहा कि कुछ ही दिनों में स्टेशन का नक्शा बदल जाएगा। निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जाएगी, अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। करीब एक घंटा रहने के बाद वह वाराणसी के लिए रवाना हो गए। साथ में राहुल श्रीवास्तव, अशोक कुमार, रमायन सिंह यादव, दिलीप सिंह, श्रीनिवास दुबे आदि थे।