बसपा ने चंदौली लोकसभा सीट से घोषित किया प्रत्याशी, सतेंद्र कुमार मौर्य पर लगाया दांव
चंदौली लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा से केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय व सपा से वीरेंद्र सिंह के खिलाफ बसपा ने सतेंद्र कुमार मौर्य पर दांव खेला है। हालांकि पिछले दिनों ही जिला मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों ने सतेंद्र कुमार मौर्य के नाम की घोषणा कर दी थी।
जागरण संवाददाता, चंदौली। (Lok Sabha Election 2024) चंदौली लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा से केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय व सपा से वीरेंद्र सिंह के खिलाफ बसपा ने सतेंद्र कुमार मौर्य पर दांव खेला है। हालांकि पिछले दिनों ही जिला मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों ने सतेंद्र कुमार मौर्य के नाम की घोषणा कर दी थी, लेकिन अब पार्टी ने विधिवत उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, जिसमें इनका भी नाम शामिल है।
सतेंद्र कुमार मौर्य वाराणसी जनपद के अजगरा विधानसभा क्षेत्र के गोसाईपुर मोहाव के रहने वाले हैं, जो चंदौली लोकसभा क्षेत्र में आता है। इंटर की शिक्षा इन्होंने क्वींस कालेज, वाराणसी से की है। वर्ष 1993 में सैदपुर विधानसभा से निर्दल चुनाव लड़े थे। वर्ष 1995 में बसपा में शामिल हो गए। वर्ष 2007 से 2009 तक मौर्य समाज के भाईचारा के जिला संयोजक रहे हैं।
अपने सेक्टर के प्रभारी व बूथ प्रभारी के रूप में भी काम कर चुके हैं। वर्ष 2010 से अब तक इन्होंने कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। चंदौली की धरती को अपनी कर्मभूमि बनाना चाहते हैं। उनके दादा 22 वर्ष तक गोसाईपुर मुहाव के ग्राम प्रधान जबकि चाची पांच वर्ष तक प्रधान रही हैं। इनको प्रत्याशी बनाए जाने पर बसपा कार्यकर्ता व समर्थकों में हर्ष का माहौल है।