चंद्रशेखर पर जमकर हमलावर हुईं मायावती, बोली- भाजपा और कांग्रेस लड़ा रही चुनाव; ऐसी पार्टियों को मत...
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भाजपा कांग्रेस और नगीना से चुनाव लड़ रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने चंद्रशेखर को भाजपा और कांग्रेस द्वारा बसपा के वोट बैंक को बांटने के लिए संगठन बनाने और चुनाव लड़ने वाला बताया। कहा यह पार्टियां और लोग चुनाव में आपको बांटकर बसपा के प्रत्याशियों को हराने के लिए खड़े होते हैं।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भाजपा, कांग्रेस और नगीना से चुनाव लड़ रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर जमकर प्रहार किए।
उन्होंने चंद्रशेखर को भाजपा और कांग्रेस द्वारा बसपा के वोट बैंक को बांटने के लिए संगठन बनाने और चुनाव लड़ने वाला बताया। कहा, यह पार्टियां और लोग चुनाव में आपको बांटकर बसपा के प्रत्याशियों को हराने के लिए खड़े होते हैं। इनका मकसद जीतना नहीं है। नगीना सीट पर ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसी पार्टियों और लोगों को एक भी वोट मत देना।
बिजनौर और नगीना में जनसभा को मायावती ने किया संबोधित
मायावती बिजनौर के नुमाइश ग्राउंड में बिजनौर और नगीना लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के शासन में हुए मुजफ्फरनगर दंगे में जाट समाज का उत्पीड़न किया गया। ऐसा करके आपस में नफरत पैदा की गई। अब हम एकता कराएंगे।
अपने 29 मिनट के संबोधन में कहा कि जिस प्रकार गलत नीतियों और कार्यों के कारण कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेशों में अपनी सरकार को खोया है, अब उसी रास्ते पर भाजपा चल रही है। इस बार वोटिंग और मतगणना ईमानदारी से हुई तो फिर से भाजपा की सरकार आने वाली नहीं है।
भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस की भांति भाजपा ने भी केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिकरण कर दिया है। मायावती ने कहा कि आज किसान परेशान है। हमने सबसे ज्यादा गन्ना मूल्य बढ़ाया। कहा कि सपा अब किस मुंह से वंचितों, पिछड़ों का वोट मांग रही है।
प्रमोशन में आरक्षण के विधेयक का सपा ने ही विरोध किया था। अब सपा प्रत्याशियों की आपको जमानत जब्त करानी है। भाजपा के राज में धर्म की आड़ में जुल्म हो रहा है। गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ गई है। मायावती ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र हवा-हवाई है।
इसे भी पढ़ें: ‘माफिया के लिए राम नाम सत्य…’, कैराना और नगीना की जनसभा में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी