UP Politics : बसपा ने चुनाव से पहले अपने इस वर्तमान सांसद को कर दिया निष्कासित, लगाए यह गंभीर आरोप
UP Politics News Update जिलाध्यक्ष लालचंद ने बताया कि सांसद पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने व अनुशासनहीनता का आरोप लगा है। जिलाध्यक्ष ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि विभिन्न सूत्रों से छानबीन के बाद बसपा से उनको निष्कासित किया गया है। इससे पहले कई बार उनको चेतावनी दी गई लेकिन इनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया।
जासं, बलरामपुर : होली में रंग-गुलाल और गुझिया खिलाकर समर्थकों को बधाई देने की तैयारी सांसद राम शिरोमणि वर्मा की धरी की धरी रह गई। लोकसभा चुनाव में टिकटों के घोषणा के कयासों के बीच बसपा ने श्रावस्ती से वर्तमान सांसद राम शिरोमणि वर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
सांसद के निकाले जाने से पार्टी लोकसभा चुनाव में किसको मैदान में उतारती है। इसको लेकर चर्चाएं तेज हैं। बसपा किसी नए चेहरे पर दांव लगाती है या फिर किसी दल के बागी को उम्मीदवार बनाती है। इसकी अटकलें तेज होने लगी है। निष्कासित सांसद ने भी अपना पत्ता नहीं खोला है।
इस वजह से किए गए निष्कासित
जिलाध्यक्ष लालचंद ने बताया कि सांसद पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने व अनुशासनहीनता का आरोप लगा है। जिलाध्यक्ष ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि विभिन्न सूत्रों से छानबीन के बाद बसपा से उनको निष्कासित किया गया है। इससे पहले कई बार उनको चेतावनी दी गई लेकिन, इनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया।
पार्टी हित में यह निर्णय लेते हुए जिला यूनिट द्वारा राम शिरोमणि वर्मा को पार्टी से निकाल दिया गया है। दूसरी तरफ सांसद राम शिरोमणि वर्मा का कहना है कि उनको अपने निकाले जाने की जानकारी पार्टी ने अभी नहीं दी है। मीडिया से ही सूचना मिली है। भाजपा, सपा में जाने की अटकलों के बारे में उन्होंने कहा कि अभी तक तो बसपा में हैं। निकाले जाने की सूचना मिली है। अपने लोगों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी।