पंजाब में जल्द घोषित होगी SAD उम्मीदवारों की लिस्ट, सुखबीर बादल का एलान; पुराने चेहरों पर लगेगा दांव
Lok Sabha Election पंजाब की तेरह लोकसभा सीटों पर शिरोमणि अकाली दल जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। इस बात की जानकारी पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दी। सुखबीर ने कांग्रेस और आप पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल में कांग्रेस और अब आप सरकार ने राज्य को विनाश की तरफ धकेल दिया है। सुखबीर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी टिप्पणी की।
जागरण संवाददात, पटियाला/राजपुरा। Punjab Lok Sabha Election: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा, जल्द ही राज्य की सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। हर सीट पर विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों से मजबूत उम्मीदवार देंगे। अधिकतर सीटों पर पार्टी ऐसा चेहरा लाएगी जो दशकों से जनता की सेवा में लगे हैं।
सुखबीर बुधवार को पटियाला में पंजाब बचाओ यात्रा के तहत देवीगढ़ अनाज मंडी पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सुखबीर ने कहा, पांच साल में कांग्रेस और अब आप सरकार ने राज्य को विनाश की तरफ धकेल दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के ड्राइवर हैं।
AAP सरकार पर साधा निशाना
आप सरकार पंजाब में विकास करवाने में पूरी तरह असफल रही है। इनका विकास सिर्फ कागजों में है, अपनी सरकार की झूठी उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने के लिए मात्र पब्लिसिटी पर ही सरकार ने 800 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर दिया है।
यह भी पढ़ें- Punjab Politics: संगरूर में मान की मोर्चाबंदी, विधायक दल के साथ बैठक कर बनाई रणनीति; नेताओं को किया चौकस
उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार में जो विकास पंजाब का हुआ वह आज तक दिखाई दे रहा है। अकाली दल सरकार ने न केवल किसानों को मुफ्त बिजली की सुविधा दी है, बल्कि 3.81 लाख टयूबवेल कनेक्शन देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
चुनाव घोषणा पत्र बनाने के लिए कमेटी का गठन
वहीं, शिअद ने चुनाव घोषणा पत्र बनाने के लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। बलविंदर सिंह भूदंड़ को कमेटी का चेयरमैन व डा. दलजीत चीमा को सचिव बनाया गया है। कमेटी में महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल, प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बीबी जागीर कौर, बिक्रम मजीठिया, सिकंदर सिंह मलूका, गुलजार सिंह राणिके, अनिल जोशी, हीरा सिंह गाबड़िया, पवन कुमार टीनू, हरचरण सिंह बैंस, परमिंदर सिंह ढींडसा, सुखविंदर कुमार सुक्खी व इकबाल सिंह झूंदा को शामिल किया गया है।