Move to Jagran APP

'टिकट' ने तोड़ा 77 वर्ष पुराना राजनीतिक रिश्ता, राहुल की भारत जोड़ो यात्रा और फिर... चौधरी परिवार की बगावत

कांग्रेस ने जालंधर से इस बार चौधरी परिवार को टिकट न देकर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को उम्मीदवार बनाया है। इससे नाराज चौधरी परिवार ने अपना 77 साल पुराना रिश्ता कांग्रेस के साथ तोड़ लिया है। चौधरी परिवार की तीन पीढ़ियों ने कांग्रेस के साथ मिलकर काम किया था। आज कर्मजीत कौर ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। कर्मजीत और विक्रमजीत ने जालंधर से दावेदारी मांगी थी।

By Dinesh Kumar Edited By: Gurpreet Cheema Published: Sun, 21 Apr 2024 08:02 AM (IST)Updated: Sun, 21 Apr 2024 08:02 AM (IST)
जालंधर सीट के लिए चौधरी परिवार ने कांग्रेस के साथ तोड़ा रिश्ता

दिनेश कुमार, जालंधर। दोआबा की राजनीति में बड़ा रसूख रखने वाले चौधरी परिवार की तीसरी पीढ़ी ने टिकट की बगावत में शनिवार को कांग्रेस से 77 साल पुराना अपना राजनीतिक रिश्ता तोड़ लिया। मास्टर गुरबंता सिंह ने देश की आजादी के बाद कांग्रेस का हाथ थामा था।

loksabha election banner

तब से चौधरी परिवार कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा। इस बार लोकसभा चुनाव में पूर्व सांसद स्व. संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर और बेटे विक्रमजीत चौधरी ने जालंधर सीट से टिकट की दावेदारी जताई थी। उनका दावा था कि संतोख चौधरी ने कांग्रेस के लिए बलिदान दिया है। ऐसे में जालंधर सीट से टिकट पर उनका अधिकार है।

कांग्रेस ने उनके दावे को दरकिनार कर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव मैदान में उतार दिया। कर्मजीत कौर और विक्रमजीत चौधरी पार्टी के इस निर्णय से काफी नाराज थे। दोनों पिछले काफी दिन से लगातार दिल्ली में डेरा जमाए हुए थे।

उनके आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन उन्होंने भाजपा को चुना। फिलहाल विक्रमजीत चौधरी फिल्लौर से कांग्रेस के विधायक हैं। वह मां के साथ भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं लेकिन माना जा रहा है वह कांग्रेस में रहकर भी चुनाव में पार्टी का साथ नहीं देंगे।

कांग्रेस के साथ चौधरी परिवार की तीन पीढ़ियों का नाता रहा है।

1. मास्टर गुरबंता सिंह ने आजादी के बाद थामा कांग्रेस का हाथ

  • चौधरी परिवार में सबसे पहले पूर्व सांसद संतोख चौधरी के पिता मास्टर गुरबंता सिंह वर्ष 1926 से राजनीति में आए थे। वह बड़े शिक्षाविद् और दलित सुधार आंदोलन के चलते दलित समाज की राजनीति का बड़ा चेहरा थे।
  • उन्होंने पंजाब के दोआबा क्षेत्रों में कई मंडलों की स्थापना की थी, जहां दलित आबादी का बड़ा हिस्सा था। वर्ष 1927 में मास्टर गुरबंता सिंह ने नेशनल यूनियनिस्ट पार्टी की ओर से जालंधर (आरक्षित सीट) से चुनाव लड़ा और सफल हुए।
  • 1945 में उन्हें तत्कालीन पंजाब की सरकार में प्रंधानमंत्री मलिक खिजर हयात तिवाना ने संसदीय सचिव बनाया था। आजादी के बाद मास्टर गुरवंता सिंह कांग्रेस के साथ जुड़ गए। मास्टर गुरबंता सिंह 1962 में करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से जीते और प्रताप सिंह कैरों के मंत्रिमंडल में शामिल हुए।
  • 1972 में वह निर्विरोध चुनाव जीतकर ज्ञानी जैल के सिंह कैबिनेट मंत्री बने। वह सात बार विधायक बने। फरवरी, 1980 में उनके निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत बेटों जगजीत सिंह चौधरी और संतोख सिंह चौधरी ने संभाली।

ये भी पढ़ें: चन्नी ने कहा- चौधरी परिवार के पूरे इतिहास को ही खत्म कर दिया

2. जगजीत सिंह चौधरी पांच बार विधायक रहे

जगजीत सिंह चौधरी वर्ष 1980, 1985, 1992, 1997 और 2002 में करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार विधायक चुने गए। इस दौरान वह विभिन्न सरकारों में मंत्री भी बने। उनके बाद करतारपुर हलके की कमान उनके बेटे सुरिंदर चौधरी ने संभाली। वह भी एक बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि, अब वह पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं।

3. संतोख चौधरी मोदी लहर में दो बार रहे सांसद

संतोख चौधरी वर्ष 1992 में पहली बार विधायक बने और फिर कुल तीन बार प्रदेश विधानसभा में चुनकर पहुंचे। वह हमेशा फिल्लौर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते थे। वर्ष 2014 में उन्होंने जालंधर से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2019 में वह दूसरी बार सांसद बने। जनवरी 2023 में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हृदयघात के कारण उनका निधन हो गया।

4. विक्रमजीत चौधरी

संतोख चौधरी ने सांसद बनने के बाद फिल्लौर विधानसभा सीट बेटे विक्रमजीत चौधरी के लिए छोड़ दी। वर्तमान में विक्रमजीत फिल्लौर से विधायक हैं। कुल मिलाकर मास्टर गुरबंता सिंह की राजनीतिक विरासत को अब विक्रमजीत चौधरी ही आगे बढ़ा रहे हैं।

एक साल में कुछ ऐसे बदले समीकरण

जिन रिंकू ने 58 हजार मतों से हराया, उन्हीं की जीत के लिए भाजपा में आई कर्मजीत

पूर्व सांसद संतोख चौधरी के निधन के बाद मई 2023 में जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सुशील कुमार रिंकू (तब आप में) ने कर्मजीत कौर चौधरी को 58 हजार मतों के अंतर से हरा दिया था। उपचुनाव में इन दोनों के बीच मुकाबला हुआ था।

एक साल अंदर राजनीतिक समीकरण इतने बदले कि एक-दूसरे के खिलाफ उपचुनाव लड़ने वाले दोनों नेता भाजपा के मंच पर एक साथ हो गए। कर्मजीत कौर और तजिंदर बिट्टू को भाजपा में शामिल करवाने के दौरान सुशील रिंकू भी उनके साथ दिल्ली में उपस्थित थे। उपचुनाव के प्रतिद्वंद्वी अब लोकसभा चुनाव में साथ-साथ है। हालांकि यह समय ही बताएगा कि इस साथ का मतदान के बाद परिणाम क्या आएगा।

सुशील कुमार रिंकू और कर्मजीत कौर चौधरी दोनों की पृष्ठभूमि कांग्रेस की रही है। सुशील कुमार रिंकू ने अप्रैल 2023 में कांग्रेस छोड़ आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी। वे आप की टिकट पर संसदीय उपचुनाव जीतकर सांसद बने। मार्च 2024 में रिंकू ने आम आदमी पार्टी की टिकट को ठुकरा कर भाजपा का दामन थाम लिया। रिंकू जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट से 2017 से 22 तक कांग्रेस के विधायक भी रहे हैं।

संसदीय उपचुनाव 2023 में किसे कितने वोट मिले थे

 नाम पार्टी वोट मिले प्रतिशत
सुशील कुमार रिंकू आप 3,02,279 34.05
कर्मजीत कौर कांग्रेस 2,43,588 27.44

इस दल-बदल के राजनीति मायने

भाजपा के लिए: कर्मजीत चौधरी और तजिंदर बिट्टू का कांग्रेस को छोड़ना लोकसभा चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है। संतोख चौधरी दो बार जालंधर के सासंद रह चुके हैं। उनके बेटे विक्रमजीत चौधरी फिल्लौर से विधायक हैं। चौधरी परिवार का दबदबा करतारपुर हलके में भी रहा है। भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों में दलित वोट को इनके जरिये साधने का प्रयास करेगी।

कांग्रेस के लिए: जालंधर सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। यहां पर पार्टी का काडर वोट मजबूत है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी दलित नेता के रूप में बड़ा चेहरा हैं। कर्मजीत कौर व विक्रमजीत चौधरी को छोड़कर अधिकतर नेता चन्नी के साथ हैं। ऐसे में कांग्रेस इसे बड़ा झटका नहीं मानेगी। इनता जरूर है कि कुछ स्थानों पर उनकी परेशानी को थोड़ा बढ़ा सकते हैं।

कांग्रेस ने किया पति के बलिदान का निरादर: कर्मजीत कौर

जागरण संवाददाता, जालंधर : कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुईं कर्मजीत कौर ने कांग्रेस लीडरशिप पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। उनके पति पूर्व सांसद संतोख चौधरी ने राहुल गांधी की यात्रा में अपना बलिदान दे दिया था। कांग्रेस नेताओं ने उनके बलिदान की अनदेखी कर निरादर किया है। कांग्रेस लीडरशिप के लिए यह समय गंभीरता से आत्ममंथन का समय है। कांग्रेस के पुराने नेता लीडरशिप की कार्यशैली से क्यों नाराज हैं। क्यों सभी पार्टी को छोड़कर जा रहे हैं।

पंजाब के विकास के लिए मोदी पर विश्वास जरूरी: बिट्टू

तजिंदर सिंह बिट्टू ने कहा कि वह पिछले 35 साल से कांग्रेस के साथ जुड़े रहे। आज पंजाब के लिए बहुत जरूरी है कि उसका केंद्र की सरकार के साथ तालमेल रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह को पंजाब से बहुत लगाव है। पंजाब की भलाई इसी में है कि वह मोदी पर विश्वास करे। पंजाब की तरक्की के लिए ही वह भाजपा में शामिल हुए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.