दुनिया के सबसे बुजुर्ग पुरुष का 113 साल की उम्र में निधन
क्रिस्टल का जन्म 1903 में पोलैंड के जारनाउ शहर के पास एक यहूदी परिवार में हुआ था। वह द्वितीय विश्व युद्ध में बच गए थे।
यरुशलम, एपी। दुनिया के सबसे बुजुर्ग पुरुष इजरायल क्रिस्टल का 113 साल की उम्र में बीते शुक्रवार को निधन हो गया। एक महीने बाद ही उनका 114वां जन्मदिन था। वह द्वितीय विश्व युद्ध में बच गए थे, जबकि उनका पूरा परिवार मारा गया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स ने पिछले साल इजरायल के हाइफा स्थित घर में उन्हें दुनिया के सबसे बुजुर्ग पुरुष का प्रमाणपत्र दिया था। क्रिस्टल का जन्म 1903 में पोलैंड के जारनाउ शहर के पास एक यहूदी परिवार में हुआ था। ओरेन ने बताया कि प्रथम विश्व युद्ध के समय उनकी उम्र महज 12 साल थी और वह पोलैंड में एक शराब तस्कर के लिए काम करते थे।
प्रथम युद्ध के बाद वह अनाथ हो गए थे और 1920 में लाड्स चले गए। जहां वह एक परिवार के कन्फेक्शनरी कारोबार में काम करने लगे। पोलैंड पर नाजी शासन के दौरान उन्हें होलोकास्ट कैंप में भेज दिया गया, जहां उनकी पत्नी और दोनों बच्चे मारे गए। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपने परिवार में सिर्फ क्रिस्टल ही जीवित बचे थे। बाद में उन्होंने एक अन्य महिला से दूसरी शादी रचा ली और 1950 में उसके साथ इजरायल चले आए।
यह भी पढ़ें: चीन में महिला ने नवजात बच्चे को प्लास्टिक थैली में पैक कर कूरियर कर दिया