ब्रिटेन में कार्यरत विदेशी पेशेवरों में भारतीयों की संख्या सर्वाधिक
वर्ष 2016 में ब्रिटेन में पेशेवरों के लिए 56,058 वीजा जारी किये गए। इनमें से आधे से ज्यादा 30,556 केवल भारतीयों को मिले।
लंदन, प्रेट्र : ब्रिटेन में कार्यरत पेशेवर विदेशी लोगों में भारतीयों की संख्या सर्वाधिक है। ये लोग बड़े अंतर से आगे हैं और कुल संख्या में इनका प्रतिशत 57 का है। यह बात गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों से पता चली है।
गृह विभाग के अनुसार वीजा लेकर आए कुल 53,575 भारतीय पेशेवर ब्रिटेन में काम कर रहे हैं। जबकि दूसरे नंबर पर अमेरिकी लोग हैं जिनकी संख्या 9,348 है। ब्रिटेन में काम कर रहे कुल विदेशी पेशेवरों की संख्या 93,244 है। जिन भारतीयों के लिए वर्किग वीजा जारी किये गए उनमें से 42 प्रतिशत पेशेवर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, 19 प्रतिशत विज्ञान व अन्य प्रौद्योगिकी कार्यो के विशेषज्ञ हैं जबकि 12 प्रतिशत बीमा कारोबार से जुड़े हैं।
वर्ष 2016 में ब्रिटेन में पेशेवरों के लिए 56,058 वीजा जारी किये गए। इनमें से आधे से ज्यादा 30,556 केवल भारतीयों को मिले। सन 2010 में भी भारतीयों के लिए 40 प्रतिशत वीजा जारी किये गए थे। उनमें से 32 प्रतिशत काम करते हुए ब्रिटेन में ही बस गए।
पढ़ाई के लिए ब्रिटेन जाने वालों की संख्या में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सन 2015 में जहां 11,160 लोग ब्रिटेन गए थे, तो 2016 में पढ़ाई के लिए जाने वालों की संख्या 11,330 रही। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त यशवर्धन कुमार सिन्हा ने कहा है कि भारतीय कर्मियों का पेशेवर रवैया दोनों देशों के हित में है और इससे दोनों देश लाभान्वित हो रहे हैं। इसी के चलते पेशेवरों के लिए वीजा सुविधा और सरल बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: एच -1बी वीजा पाबंदी के प्रस्ताव पर पीएम मोदी ने जताई चिंता