गुजरात में लिव इन में रह रही दो लड़कियों ने मांगी सुरक्षा
गुजरात की प्राचीन राजधानी पाटण की दो लड़कियां इन दिनों सुर्खियों में हैं। हेतल व भगवती पिछले तीन साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही हैं। पूर्व प्रेमी के हमले के बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
अहमदाबाद [शत्रुघ्न शर्मा]। गुजरात की प्राचीन राजधानी पाटण की दो लड़कियां इन दिनों सुर्खियों में हैं। हेतल व भगवती पिछले तीन साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही हैं। पूर्व प्रेमी के हमले के बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
हेतल व भगवती नाम की ये लड़कियां एक ही मोहल्ले में पली बढ़ी हैं। दोनों ने एक साथ पढ़ाई की। अब लिव इन रिलेशन में रह रही हैं। दोनों ने शादी जैसा एक एलबम भी तैयार कराया है, जिसमें भगवती दुल्हन के रूप में है जबकि हेतल पति वेश में है। भगवती बताती है कि बचपन से ही हेतल का मर्दाना स्वभाव और पहनावा उसे पसंद था। पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों के माता-पिता उनकी शादी के लिए लड़के देखने लगे। लेकिन हेतल और भगवती शादी के लिए तैयार नहीं थीं। इसके बाद उन्होंने साथ रहने का फैसला किया।
तीन साल पहले 2011 में उन्होंने जिलाधिकारी के पास फ्रेंडशिप कॉन्ट्रैक्ट के लिए आवेदन किया। तब से दोनों साथ रहने लगीं। इससे आहत भगवती के पूर्व प्रेमी ने पिछले दिनों उनके साथ मारपीट और गाली गलौच की। हेतल और भगवती ने इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।