यूएन के शांति पैनल में शामिल हुए अभिजीत गुहा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत गुहा को 14 सदस्यीय उच्च स्तरीय पैनल का सदस्य नियुक्त किया है।
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) महासचिव बान की-मून ने भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत गुहा को 14 सदस्यीय उच्च स्तरीय पैनल का सदस्य नियुक्त किया है। यह पैनल यूएन के शांति अभियानों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों पर नजर रखेगा।
बान ने पैनल के गठन की घोषणा करते हुए कहा कि अगले साल महासभा के सत्र में इस पैनल की सिफारिशों को भेजा जाएगा। पैनल चुनौतियों में बदलाव तथा शांति रक्षक अभियानों की क्षमता एवं उनके प्रदर्शन पर नजर रखेगा। मून ने कहा कि शांति अभियानों पर गठित यह पैनल वृहद अनुभव और विशेषज्ञता वाले लोगों को अपने साथ लाएगा। इस पैनल की अध्यक्षता शांति के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित और तिमोर-लेस्ते (पूर्वी तिमोर) के पूर्व राष्ट्रपति और पत्रकार जोस रैमोस होर्टा करेंगे।
गुहा फिलहाल संयुक्त राष्ट्र के शांति विभाग में प्रौद्योगिकी से संबंधित विशेषज्ञ कमेटी में अपनी सेवा दे रहे हैं। इससे पहले वह यूएन के ऑफिस फॉर पीसकीपिंग स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप के अंतरिम निदेशक थे।