रिलायंस चालू करेगी अपने सभी पेट्रोल पंप
रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआइएल) चालू वित्त वर्ष में अपने सभी पेट्रोल पंप फिर से चालू कर देगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल मूल्यों में भारी गिरावट व डीजल कीमतों से सरकारी नियंत्रण हटने से उत्साहित होकर उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी ने यह फैसला किया है। आरआइएल व एस्सार ऑयल ने
नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआइएल) चालू वित्त वर्ष में अपने सभी पेट्रोल पंप फिर से चालू कर देगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल मूल्यों में भारी गिरावट व डीजल कीमतों से सरकारी नियंत्रण हटने से उत्साहित होकर उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी ने यह फैसला किया है। आरआइएल व एस्सार ऑयल ने इससे पहले 2006 तक डीजल के खुदरा बिक्री बाजार में 17 और पेट्रोल में 10 प्रतिशत हिस्सा हासिल कर ली थी।
बाद में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं, मगर सरकारी कंपनियों ने मूल्यों में वृद्धि करने की बजाय सब्सिडी के बल पर लागत से कम दाम पर पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री जारी रखी। उनके मुकाबले में ये निजी कंपनियां नहीं ठहर पाईं। रिलायंस ने मार्च, 2008 में अपने सभी 1,432 पेट्रोल पंप बंद कर दिए थे।
आरआइएल ने चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजों के बाद निवेशकों के समक्ष दिए गए प्रस्तुतीकरण में कहा है कि कंपनी के 320 पेट्रोल पंप पहले ही काम कर रहे हैं। चालू वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान इन सभी पेट्रोल पंपों को चालू करने का लक्ष्य है।
सरकार ने पेट्रोल मूल्य से जून, 2010 में नियंत्रण हटा लिया था। तब से सरकार अपनी तेल कंपनियों को पेट्रोल पर कोई सब्सिडी नहीं देती। एस्सार ने इसके बाद अपने पंपों पर पेट्रोल की बिक्री शुरू कर दी थी। डीजल की देश में सबसे ज्यादा खपत है। सरकार ने डीजल के दाम पिछले साल अक्टूबर में नियंत्रणमुक्त किए हैं।
उसके बाद से निजी पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने पेट्रोल पंप फिर खोलने शुरू कर दिए। एस्सार ऑयल ने तो अपने पंपों पर डीजल की बिक्री भी शुरू कर दी। उसने अपना नेटवर्क भी बढ़ाया है। अब उसके 1,600 पेट्रोल पंप हैं। एक साल में इनकी संख्या 2,500 तक पहुंच सकती है। सरकारी तेल कंपनियों के कुल पेट्रोल पंपों की संख्या 51,870 है।
पहले रिलायंस से बाजार हिस्सेदारी में फिसड्डी रही एस्सार अब अंबानी की कंपनी से आगे निकल चुकी है। वैसे, रिलायंस ने कहा है कि नियंत्रणमुक्त होने के बाद थोक डीजल बाजार के लिए उसने आक्रामक लक्ष्य तय किया है। कंपनी अपने समूचे नेटवर्क में तकनीकी का फायदा उठाते हुए ग्राहकों को उच्चकोटि की सेवाएं देगी।