वोट डालने के लिए उमड़ा फिल्म जगत
मुंबई। गुरुवार को लोकसभा के छठे चरण के लिए हुए मतदान में एक तरह से पूरा फिल्मिस्तान उमड़ पड़ा। मुंबई में स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर, महानायक अमिताभ बच्चन, रेखा, विद्या बालन, शाहरुख, धर्मेद्र, सोनम कपूर, जूही चावला और आमिर खान जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने अपने वोट डाले। अपने जन्म दिन पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भ
मुंबई। गुरुवार को लोकसभा के छठे चरण के लिए हुए मतदान में एक तरह से पूरा फिल्मिस्तान उमड़ पड़ा। मुंबई में स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर, महानायक अमिताभ बच्चन, रेखा, विद्या बालन, शाहरुख, धर्मेद्र, सोनम कपूर, जूही चावला और आमिर खान जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने अपने वोट डाले। अपने जन्म दिन पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी मुंबई के सुपारी टाकी पोलिंग स्टेशन पर मतदान किया। जबकि दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत ने चेन्नई में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बॉलीवुड की ओर से सबसे पहले अभिनेत्री विद्या बालन मतदान करने पहुंची। उन्होंने जुहू के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान करने के बाद उनका कहना था, 'वोट डालना मेरी एक अहम जिम्मेदारी है। इसे मैंने पूरा कर लिया।' बांद्रा में वोट डालने वाले आमिर खान ने कहा, 'एक भारतीय होने के नाते मतदान करना मेरा कर्तव्य है।' अभिनेत्री रेखा ट्रैक सूट में वोट डालने आई थीं। धर्मेद्र के साथ उनके बेटे सनी दओल ने भी मतदान में हिस्सा लिया। शाहरुख खान ने ट्वीट किया, 'आज मेरे पास अपने देश का भविष्य तय करने का अवसर है।'
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने बुधवार को अपने ब्लॉग पर लिखा, 'कल वोटिंग होगी। लाखों अन्य लोगों की तरह मेरे परिवार के सदस्य भी वोट देने जाएंगे। हम देश का भविष्य तय करने के लिए मतदान करेंगे।' जबकि अभिनेत्री जूही चावला ने पहली दफा मतदान किया है। उनका कहना है, 'आम चुनाव में मैंने पहली बार वोट डाला है। मैंने बदलाव के लिए मतदान किया है।' प्रीटी जिंटा ने कहा, 'यह व्यवस्था को लेकर शिकायत बंद करने का समय है। निर्णय करो। अभी मतदान करो या फिर हमेशा के लिए चुप हो जाओ।'
इस दौरान शिल्पा शेट्टी, कुणाल कपूर, श्रेया घोषाल, फरहान अख्तर, जॉन अब्राहम, मधुर भंडारकर और रितेश देशमुख ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शिल्पा ने अपने ट्वीट में कहा है, 'देश का भविष्य तय करने के लिए हर एक वोट का महत्व है।' गुरुवार को अपना 41वां जन्म दिन मना रहे क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपनी पत्नी अंजली के साथ लीलावती अस्पताल के पीछे बने मतदान केंद्र सुपारी टाकी पर वोट डाला। मतदान के बाद सचिन ने ट्वीट किया, 'मैंने वोट डाल दिया। क्या आपने भी ऐसा किया है। एक जिम्मेदार नागरिक की तरह जन्म दिन की भव्य शुरुआत की।'
सोनाक्षी, शबाना, जावेद अख्तर ने आईफा को दिया महत्व
एक ओर जहां ज्यादातर बॉलीवुड अदाकारों में मतदान को लेकर काफी उत्साह रहा। वहीं कुछ ऐसे भी रहे जिन्होंने मतदान की बजाय अमेरिका में हो रहे आईफा सम्मेलन में भाग लेना ज्यादा मुनासिब समझा।
पटना साहिब से भाजपा उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी और अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने वोट डालने की बजाय आईफा में अपनी मौजूदगी को ज्यादा महत्व दिया। राज्य सभा सदस्य गीतकार जावेद अख्तर और उनकी पत्नी शबाना आजमी ने भी सोनाक्षी के नक्शे कदम का अनुसरण किया।