Himachal Weather: रोहतांग, शिंकुला में भारी ओलावृष्टि व वर्षा, तेज रफ्तार से चल रही आंधी, ऑरेंज अलर्ट जारी
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को आंधी और भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि कई स्थानों पर हुई। बारालाचा शिंकुला और रोहतांग में तीन-तीन इंच ताजा बर्फबारी हुई है। जून के आगमन से पूर्व अभी भी ठंड बरकरार है।
शिमला, राज्य ब्यूरो । प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को आंधी और भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि कई स्थानों पर हुई। बारालाचा, शिंकुला और रोहतांग में तीन-तीन इंच ताजा बर्फबारी हुई है। जून के आगमन से पूर्व अभी भी ठंड बरकरार है। चंबा में एक मकान और मंडी में गौशाला को नुकसान क्षतिग्रस्त हुई है।
संचार समेत यातायात सेवाएं होंगी प्रभावित
नौ सड़कें यातायात के लिए बंद है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों के लिए तीस से चालीस किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने, ओलावृष्टि और वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान संचार सेवाओं के साथ यातायात सेवाओं के प्रभावित होने का अनुमान है।
इस साल कम हो सकती है वर्षा
मौसम विभाग ने इस बार मानसून में सामान्य से आठ प्रतिशत कम वर्षा प्रदेश में होने का अनुमान लगाया है। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा मंडी में 25 मिलीमीटर, कुफरी में 11, शिमला में 9 मिलीमीटर और कुल्लू भुंतर में 9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
सेब सहित कई फसलों को हुआ नुकसान
दोपहर बाद से अचानक से मौसम ने करवट बदली और आंधी के साथ भारी वर्षा हुई। इस दौरान कई स्थानों पर घरों में पानी के घुसने की सूचना है। जबकि शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई है। इससे सेब सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है।
स्थान, न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 13.7 21.6
- सुंदरनगर 16.6 31.2
- भुंतर 13.5 29.0
- कल्पा 7.2 20.6
- धर्मशाला 16.2 27.0
- ऊना 20.4 34.6
- नाहन 20.5 30.0
- केलंग 5.0 17.2
- सोलन 14.6 27.0