हर्ष कुमार छोड़ेंगे जजपा, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी 5 मई को करेंगे भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ महापंचायत
हर्ष कुमार ने पार्टी छोड़ने का एलान करने के लिए आज पत्रकार वार्ता बुलाई है। जाट नेता पूर्व मंत्री हर्ष कुमार का हथीन होडल तथा पलवल विधानसभा में अच्छी गहरी पैंठ है। हथीन से वे दो बार विधायक रह चुके हैं। पलवल जिले में उसका काफी गहरा असर है। हर्ष कुमार के नजदीकियों के अनुसार हर्ष कुमार बहुत जल्द कांग्रेस में शामिल होंगे।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल जिले में जजपा को बड़ा झटका लगने जा रहा है। पार्टी के महासचिव व पूर्व मंत्री हर्ष कुमार आज जजपा को अलविदा कह देंगे। उन्होंने पार्टी छोड़ने का एलान करने के लिए आज पत्रकार वार्ता बुलाई है।
इस दौरान व जजपा से अलविदा होने की घोषणा करेंगे । संभावना है कि पूर्व मंत्री हर्ष कुमार बहुत जल्द कांग्रेस का दामन थामेंगे। वर्ष 1996 में चौधरी बंसीलाल की हरियाणा विकास पार्टी में सिंचाई मंत्री रहे हर्ष कुमार हथीन विधानसभा से चुनाव लड़ते आए हैं।
हथीन से दो बार रह चुके हैं विधायक
जाट नेता पूर्व मंत्री हर्ष कुमार का हथीन, होडल तथा पलवल विधानसभा में अच्छी गहरी पैंठ है। हथीन से वे दो बार विधायक रह चुके हैं। पलवल जिले में उनका काफी गहरा असर है।
हर्ष कुमार के नजदीकियों के अनुसार हर्ष कुमार बहुत जल्द कांग्रेस में शामिल होंगे। बताया तो यह भी गया है कि हथीन में एक बड़ी रैली कर अपनी ताकत के साथ हर्ष कुमार कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। उनके कांग्रेस में शामिल होने से कांग्रेस उम्मीदवार को इसका फायदा होगा।
सुभाष चौधरी ने कांग्रेस का समर्थन करने का किया एलान
वहीं दूसरी तरफ पलवल से भाजपा नेता व पूर्व विधायक सुभाष चौधरी ने भी कांग्रेस का समर्थन करने खुला एलान कर दिया है। उन्होंने आगामी 5 मई को फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के लोगों की महापंचायत पलवल में बुलाई है।
सुभाष चौधरी ने बताया कि आगामी 5 मई को महापंचायत करके कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी महेंद्र प्रताप को समर्थन किया जाएगा। भाजपा में रहते हुए इस तरह से विरोध पर उतरे सुभाष चौधरी भाजपा प्रत्याशी के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
पलवल विधानसभा में सुभाष चौधरी का अपना एक अलग ही महत्व है। लोगों में उनकी काफी गहरी पैंठ है। राजनीति के जानकारों की मानें तो सुभाष चौधरी व हर्ष कुमार के कांग्रेस को खुला समर्थन से कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान होगी।
वहीं हथीन के पूर्व विधायक केहर सिंह भी भाजपा से दूरी बनाए हुए हैं। पूर्व विधायक करण दलाल के समर्थन में पंचायत में खुलकर आए थे। पता चला है कि केहर सिंह का रुख भी कांग्रेस की तरफ है। इसके अलावा पृथला से भाजपा नेता और पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा भी भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ बयान दे चुके है।