Box Office: वीकेंड पर ज़्यादा मजबूत हुई हाफ गर्लफ्रेंड और हिंदी मीडियम
हाफ गर्ल फ्रेंड का अब वीकेंड में कुल नेट इंडिया कलेक्शन 32 करोड़ चार लाख रूपये हो गया है और हिंदी मीडियम की कमाई 12 करोड़ 56 लाख रूपये हो गई है।
मुंबई। अर्जुन और श्रद्धा कपूर की हाफ गर्लफ्रेंड और इरफ़ान स्टारर हिंदी मीडियम ने दर्शकों के बीच अपनी पैठ को ना सिर्फ बनाये रखा है बल्कि इस सन्डे को और भी मजबूत कर लिया। दोनों फिल्मों को वीकेंड में अच्छी कमाई हुई है।
मोहित सूरी डायरेक्टेड हाफ गर्ल फ्रेंड ने इस रविवार को 11 करोड़ 14 लाख रूपये का कलेक्शन किया और अब वीकेंड में फिल्म का कुल नेट इंडिया कलेक्शन 32 करोड़ चार लाख रूपये हो गया है जो कि काफी अच्छा माना जा रहा है। फिल्म ने 10 करोड़ 27 लाख से ओपनिंग ली थी। चेतन भगत के नॉवेल पर बनी ये फिल्म बिहार के एक लड़के और अमीर लड़की की प्रेम कहानी पर बेस्ड है। फिल्म को कुछ क्रिटिक्स ने पसंद नहीं किया है लेकिन यंग जनरेशन में इस प्रेम कहानी को लेकर थोड़ा उत्साह है। उधर साकेत चौधरी डायरेक्टेड फिल्म हिंदी मीडियम भी रविवार को कुछ और पैसे कमा गई है। फिल्म को संडे को पांच करोड़ 50 लाख रूपये का कलेक्शन मिला और अब फिल्म की पहले वीकेंड में कमाई 12 करोड़ 56 लाख रूपये हो गई है। हिंदी मीडियम ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ दो करोड़ 81 लाख रूपये का कलेक्शन किया था।
यह भी पढे़: Exclusive : बेटी श्रद्धा कपूर की फिल्म Hit करवाने के लिए पापा शक्ति दिल्ली में करते हैं यह टोटका
हिंदी मीडियम का पहले वीकेंड का ये कलेक्शन इरफ़ान की फिल्म तलवार के 9 करोड़ 25 लाख रूपये के कलेक्शन ने बेहतर है जबकि हाफ गर्लफ्रेंड का कलेक्शन अगर स्टेडी भी रहता है तो भी ये फिल्म पहले हफ्ते में 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर सकती है। अर्जुन की फिल्म ' की एंड का ' को लाइफ टाइम कलेक्शन में 51 करोड़ रूपये ही मिले हैं।