बादल ने कहा, कांग्रेस सरकार ने बंद करवाए पंजाब में तमाम विकास कार्य
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार ने राज्य में विकास कार्य ठप कर दिए हैं।
जेएनएन, लंबी (श्री मुक्तसर साहिब)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कैप्टन सरकार पर विकास कार्यों को ठप करने का आरोप लगाया है। अपने लंबी हलके का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बादल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में झूठ बोलकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने अभी तक एक भी ऐसा काम नहीं किया है, जो कि जनहित में हो। उल्टा प्रदेश में विकास के जो कार्य चल रहे थे, वे सभी बंद करवाकर उनकी सरकार द्वारा जारी किए फंड भी वापस मंगवा लिए हैं।
बादल ने हलके के करीब एक दर्जन गांवों का दौरा किया और विभिन्न सभाओं को संबोधित करते हुए जीत दिलाने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी विभागों से पूर्व अकाली-भाजपा सरकार द्वारा जारी की गई राशि को वापस मंगवा लिया है। उन्होंने कहा कि विस चुनाव के दौरान कांग्रेस ने किसानों से वायदा किया गया था कि उनके कर्ज माफ किए जाएंगे, लेकिन कर्ज तो क्या माफ करने थे, उल्टा कर्ज पर जो ब्याज चार प्रतिशत था, उसे बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया है।
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के नाम पर कांग्रेस पहले भी प्रदेश के लोगों को बदनाम करती रही और अब भी। राज्य के खजाने को खाली कर देने के आरोपों का जवाब देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि खजाने में कोई हीरे-जवाहरात नहीं होते। इसमें एक साल की आमदनी होती है और एक साल का खर्च। वित्तमंत्री मनप्रीत बादल की अनियमितताओं की जांच कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व अकाली-भाजपा सरकार ने कोई अनियमितता नहीं की। बेशक जांच करवा लें।
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार ने वापस ली कैप्टन के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले जनरल जेजे सिंह को दी सुरक्षा