पूर्वी दिल्ली सीट से हर्ष मल्होत्रा की जगह क्या अरविंदर सिंह लवली को मिलेगा टिकट? दिल्ली BJP अध्यक्ष ने दिया ये जवाब
बीते दिनों कई मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि बीजेपी पूर्वी दिल्ली सीट से हर्ष मल्होत्रा की जगह किसी अन्य उम्मीदवार को उतार सकती है। इन सवालों पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने विराम लगा दिया है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हमारे एकमात्र प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा हैं और एक मई को हम उनके साथ नामांकन दाखिल करेंगे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली के इस्तीफे के बाद राजधानी में राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज है। जहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंच रहे हैं, वहीं बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान लवली के संपर्क में हैं और उनसे उनकी नाराजगी के बारे में बात कर रहे हैं। वहीं दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर हमला बोला है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को टिकट देने का विरोध कांग्रेस में अंदर से ही हो रहा है, इसलिए लवली ने इस्तीफा दिया है। राजकुमार चौहान और लवली के इस्तीफे की भाषा एक ही है।
पहले तो भ्रष्टाचारी आम आदमी पार्टी के साथ जाना, फिर दूसरा मुद्दा देश विरोधी ताकतों के साथ रहने वाले कन्हैया को टिकट देना। आम आदमी पार्टी ने अपना ईमान गिरवी रख दिया है। अब कांग्रेस में इस्तीफों का दौर रूकेगा नहीं। ये आगे भी जारी रहेगा।
आप और कांग्रेस का गठबंधन बेमेल: सचदेवा
उन्होंने कहा कि आप और कांग्रेस का गठबंधन बेमेल है। हर कोई व्यक्ति जो देश से प्यार करता है वह इस गठबंधन में नहीं रहेगा। वहीं कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली और राजकुमार चौहान के भाजपा में आने के सवाल पर सचदेवा ने कहा कि हमारी पार्टी में सभी का स्वागत है। वह चुनाव बाद कांग्रेस में वापस न चले जाए, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि जब नई बहू आती है तो उसका स्वागत किया जाता है, लेकिन उसे भी अपना आचरण सुधारना पड़ता है।
पूर्वी दिल्ली सीट पर हर्ष मल्होत्रा एकमात्र उम्मीदवार: सचदेवा
वहीं पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा के स्थान पर कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली को टिकट देने के सवाल पर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हमारे एकमात्र प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा हैं और एक मई को हम उनके साथ नामांकन दाखिल करेंगे।
बता दें, कई मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि बीजेपी पूर्वी दिल्ली सीट से हर्ष मल्होत्रा की जगह किसी अन्य उम्मीदवार को उतारा जा सकता है। इन सवालों पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने विराम लगा दिया है।