MCD चुनाव में हार के बाद कांग्रेस ने बागियों पर की कार्रवाई, दिखाया बाहर का रास्ता
कांग्रेस ने पहले चरण में उन 75 नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जो बगावत कर नगर निगम चुनाव में उतरे थे।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पार्टी से बगावत कर नगर निगम चुनाव लड़ने या अपने परिवार के किसी सदस्य को चुनाव लड़ाने वाले नेताओं को कांग्रेस ने बाहर का रास्ता दिखाना शुरू कर दिया है। पहले चरण में उन 75 नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जो बगावत कर नगर निगम चुनाव में उतरे थे या फिर अपने परिजनों को पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था। उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। इनमें सात पूर्व पार्षद भी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा गाज दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नेताओं पर गिरी है। यहां के 30 नेताओं को पार्टी से निकाला गया है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के 25 और पूर्वी दिल्ली नगर निगम से 20 नेताओं को बाहर कर दिया गया है। कई अन्य नेताओं के खिलाफ भी शिकायत मिली है। इनमें अधिकांश ऐसे नेता हैं जो खुद तो चुनाव नहीं लड़े और न ही अपने परिजनों को चुनाव लड़ाया, लेकिन इन पर पार्टी के घोषित प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का आरोप लगा है। वहीं, पार्टी नेतृत्व के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कमेटी के पास शिकायत की गई है।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल ने नहीं दोहराई 'सर्जिकल स्ट्राइक' वाली गलती, बोले-सेना पर गर्व
पार्टी से निष्कासित किए गए प्रमुख नेताओं में पूर्व पार्षद ऊषा गुप्ता, वंदना डबास, इंदु शर्मा, सत्येंद्र सिंह राणा, रवि कलसी, रमेश पंडित व धर्मेद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र सिंह सिसोदिया, बाल किशन सिनसवार व श्याम सिंह रावत, यूथ कांग्रेस के संजय राठी शामिल हैं। नगर निगम चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई नेताओं ने बगावत का झंडा बुलंद किया था।
प्रदेश के कई बड़े नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन के खिलाफ मोर्चा खोला था, वहीं कई निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ की अध्यक्षता में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासनात्मक कमेटी की बैठक हुई, जिसमें पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं के खिलाफ मिली शिकायत पर चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल का 'सम्मान' भी मुश्किल में, पूर्व AAP नेता ने लगाया संगीन आरोप
कमेटी ने सर्वसम्मति से कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि अनुशासनात्मक कमेटी के पास निगम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों ने शिकायत की थी। शिकायत की जांच करने के बाद यह कदम उठाया गया है। कमेटी में महमूद जिया, सुरेंद्र कुमार और आभा चौधरी शामिल हैं। अन्य नेताओं के खिलाफ मिली शिकायतों की भी पड़ताल की जा रही है।