Mahadev APP: महादेव एप का संचालक सौरभ चंद्राकर दुबई में नजरबंद, भारत लाने की हो रही तैयारी
महादेव गेमिंग एप के सरगनाओं पर पुलिस ने अपनी पकड़ मजबूत करती जा रही है। दुबई पुलिस ने लगभग एक हफ्ते पहले एप के एक सरगना रवि उप्पल को गिरफ्तार किया था अब एप के दूसरे सरगना सौरभ चंद्राकर पर कार्रवाई करते हुए उसे घर में नजरबंद कर दिया है। ईडी के आग्रह पर भारत सरकार ने दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।
डिजिटल डेस्क, भिलाई। महादेव गेमिंग एप के सरगनाओं पर पुलिस ने अपनी पकड़ मजबूत करती जा रही है। दुबई पुलिस ने लगभग एक हफ्ते पहले एप के एक सरगना रवि उप्पल को गिरफ्तार किया था, अब एप के दूसरे सरगना सौरभ चंद्राकर पर कार्रवाई करते हुए उसे घर में नजरबंद कर दिया है।
ईडी के आग्रह पर भारत सरकार ने दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। नोटिस का संज्ञान लेते हुए यूएई पुलिस ने नजरबंदी की कार्रवाई की है। कानूनी औपचारिकताओं के बाद अब इन्हें भारत लाने की तैयारी की जा रही है। रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के रहने वाले हैं।
खेलों और चुनावों में सट्टेबाजी की जाती थी
महादेव एप ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए बनाया गया था। इस पर यूजर्स पोकर, कार्ड गेम्स, चांस गेम्स नाम से लाइव गेम खेलते थे। एप के जरिए क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबाल जैसे खेलों और चुनावों में सट्टेबाजी की जाती थी। सट्टे के नेटवर्क के जरिए एप का जाल तेजी से फैला और सबसे ज्यादा अकाउंट छत्तीसगढ़ में ही खुले।
दीपक नेपाली को दुर्ग से गिरफ्तार किया गया
महादेव एप से धोखाधड़ी के लिए एक पूरा जाल बनाया गया था। इस बीच सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से डायरेक्ट संपर्क रखने वाले महादेव एप से जुड़े दीपक नेपाली को दुर्ग जिले के वैशाली थाने की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
दीपक नेपाली 2021 से महादेव एप से जुड़ा था
पुलिस को दीपक नेपाली को एक साल से तलाश रही थी। दुर्ग पुलिस ने नेपाली के ऊपर रासुका भी लगाया हुआ है। दीपक नेपाली उर्फ दीपक सिंह भी भिलाई का रहने वाला है। दीपक नेपाली साल 2021 में महादेव एप से जुड़ा था। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के कहने पर वह छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में महादेव गेमिंग एप का संचालन करता था।
एक तरह से नेपाली छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों का मुख्य एजेंट था। वह लोकेशन बदलकर दूसरे राज्यों में घूमता था। बीते मंगलवार को दीपक के वैशाली नगर में देखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
ये भी पढ़ें: CG Politics: मंत्रिमंडल का बंटवारा नहीं होने से दोतरफा घिरे मुख्यमंत्री, रमन कैबिनेट के पूर्व मंत्री बाहर