दिल्ली से हॉन्गकॉन्ग तक विजय माल्या की 13 संपत्तियां बिकने को तैयार, अकेले मुंबई बंगले की कीमत 350 करोड़
यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड शराब कारोबारी विजय माल्या की 13 संपत्तियां नीलाम करने की तैयारी कर रही है।
नई दिल्ली: यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड (यूएसएल) अपने पूर्व मालिक विजय माल्या के मुंबई की नेपियन सी रोड स्थित शानदार बंगले नीलाद्री समेत अन्य संपत्तियों की नीलामी करने जा रही है। मुंबई के इस बंगले की कीमत 350 करोड़ रुपए बताई जा रही है। गौरतलब है कि विजय माल्या पर देश के करीब 17 बैंकों का 9000 करोड़ रुपए का कर्ज बकाया है, जिसको वसूलने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के नेतृत्व में इन बैंकों का कंसोर्टियम प्रयासरत है।
माल्या की 13 प्रॉपर्टी बिकने को तैयार:
विजय माल्या की 13 संपत्तियों की नीलामी होनी हैं जो कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, स्कॉटलैंड और हॉन्गकॉन्ग में हैं। इनकी कुल कीमत 100 मिलियन डॉलर यानी 680 करोड़ रुपए है, जिसमें से अकेले नीलाद्री की कीमत इस कुल परिसंपत्ति की आधे से ज्यादा है। विजय माल्या ने बीते साल 75 मिलियन डॉलर के सेवरेंस पैकेज मिलने के चलते उपजे विवाद के बाद यूनाइटेड स्प्रिट लिमिटेड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था।
नीलाद्री में क्या है खास:
नीलाद्री एक सी फेसिंग 2000 वर्गमीटर में फैली संपत्ति है जिसमें 2,400 वर्गमीटर का बिल्ट-अप एरिया भी है, यह साल 1984 से माल्या का आवास था। बताया जाता है इसी आवास में उन तमाम बैठकों को अंतिम रूप दिया गया जिनमें काफी इमारतों की खरीद-फरोख्त पर बातचीत की गई थी। अकेले इस संपत्ति की कीमत 350 करोड़ रुपए है। लेकिन नीलाद्रि के साथ मुश्किल यह है कि यह कोस्टल रेगुलेशन जोन के अंतर्गत आता है।