BJP नेता लालमुनि चौबे को पैतृक गांव में भावभीनी विदाई, वाराणसी में अंतिम संस्कार
बक्सर के पूर्व सांसद लालमुनि चौबे का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव कुरई लाया गया। वहां उनके अंतिम दर्शन को हजारों लोग उमड़ पड़े। बाद में शव को वाराणसी ले जाया गया, जहां देर शाम अंतिम संस्कार किया गया।
भभुआ। बक्सर के पूर्व सांसद लालमुनि चौबे का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव कुरई लाया गया। वहां उनके अंतिम दर्शन को हजारों लोग उमड़ पड़े। बाद में शव को वाराणसी ले जाया गया, जहां देर शाम अंतिम संस्कार किया गया।
ज्ञात हो कि जिले के चैनपुर विधानसभा से चार बार विधायक व बक्सर संसदीय क्षेत्र से चार बार सांसद रहे लाल मुनि चौबे का निधन शुक्रवार शाम दिल्ली के एम्स में हो गया था।
अंतिम दर्शन को लगा लोगों का तांता
उनका पार्थिव शरीर विमान से वाराणसी लाया गया। वहां से सड़क मार्ग से दोपहर दो बजे दिन में पैतृक गांव लाया गया। शव के आने की सूचना के बाद से ही कुरई गांव में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। क्षेत्र, जिले व प्रदेश से हजारों की संख्या में लोग पहुंच चुके थे। शव के गांव में पहुंचते ही लालमुनि चौबे अमर रहे का नारा गूंज उठा।
पुलिस जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
कुरई गांव पहुंचे बक्सर के भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे, प्रदेश के अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण सह जिले के प्रभारी मंत्री संतोष निराला, डीएम राजेश्वर प्रसाद सिंह व एसपी हरप्रीत कौर ने शव पर माल्यार्पण किया। साथ ही सार्जेंट मेजर संतोष कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस के जवानों ने सांसद के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके पूर्व चौबे के ज्येष्ठ पुत्र हेमंत चौबे ने धार्मिक कर्मकांड किया।
हजारों आम व खास थे उपस्थित
मौके पर भभुआ विधायक आनंद भूषण पांडेय, रामगढ़ विधायक अशोक सिंह, चैनपुर विधायक बृज किशोर बिंद, मोहनियां विधायक निरंजन राम व प्रदेश भाजपा कार्यालय से आए प्रदेश के महासचिव सह विधायक संजीव चौरसिया एवं भाजपा नेता गंगा बाबू, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
वाराणसी में अंतिम संस्कार
बाद में लालमुनि चौबे का वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर गार्ड आफ आॅनर के बाद शाम करीब पौने सात बजे अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बड़े पुत्र हमंत चौबे ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर भदोही के सांसद वीरेंद्र सिंह, बिहार से राज्यसभा सदस्य आरके सिन्हा, सांसद अश्विनी चौबे, संजय जायसवाल, संतोष कुमार निराला, अशोक सिंह, जमा खां आदि उपस्थित थे।