सर्दी में फिर चलेगी मुंगेर पुलिस एक्सप्रेस
मुंगेर। ठंड के मौसम में एक बार फिर से जमालपुर स्टेशन से मुंगेर के लिए पुलिस एक्सप्रेस (बस) खुलेगी। बस में अत्याधुनिक हथियार से लैस पुलिस जवान रहेंगे। वहीं, बस रूट के सभी प्रमुख चौक-चौराहे पर भी पुलिस जवान गश्त करते रहेंगे।
मुंगेर। ठंड के मौसम में एक बार फिर से जमालपुर स्टेशन से मुंगेर के लिए पुलिस एक्सप्रेस (बस) खुलेगी। बस में अत्याधुनिक हथियार से लैस पुलिस जवान रहेंगे। वहीं, बस रूट के सभी प्रमुख चौक-चौराहे पर भी पुलिस जवान गश्त करते रहेंगे। चौक चौराहे पर यात्रियों के उतरने के बाद गश्ती पर मौजूद पुलिस जवान उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाएंगे। बीते वर्ष एसपी आशीष भारती ने यह पहल शुरू की थी। पुलिस की इस पहल के बाद जाड़े की रात में होने वाली छिनतई की घटना पर काफी हद तक अंकुश लगा था। परिणाम से उत्साहित मुंगेर पुलिस एक बार फिर से बस सेवा शुरू करने की योजना तैयार की है।
इस बार यात्रियों को लगेगा शुल्क
बीते वर्ष मुंगेर पुलिस की ओर से शुरू की गई बस सेवा में यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाता था। क्योंकि, मुंगेर पुलिस लाइन से जाने वाली बस में ईंधन का खर्च हरिओम होमियो कल्याणपुर के डॉ. नीतीश कुमार दुबे वहन कर रहे थे। लेकिन, इस बार मुंगेर पुलिस ने राज्य परिवहन निगम के सहयोग से बस चलाने का निर्णय लिया है। एसपी आशीष भारती ने बस डीपी के अधीक्षक से इस संबंध में बात कर ली है। राज्य परिवहन निगम रात में जमालपुर से मुंगेर तक आने के लिए बस उपलब्ध कराएगी। बस पर सुरक्षा के लिए मुंगेर पुलिस के सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। बस से आने वाले यात्रियों को राज्य परिवहन निगम द्वारा निर्धारित किराये का भुगतान करना होगा।
गर्म चाय की चुस्की के साथ गश्त करेंगे जवान
ठंड के मौसम में चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी आशीष भारती ने बीते वर्ष की तर्ज पर इस बार भी सभी चौक चौराहे पर पुलिस गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सर्द रात में गश्त करने वाले पुलिस जवानों को पुलिस मित्र चाय पिलाएंगे। इसके साथ ही पुलिस मित्र गश्त में तैनात पुलिस जवान की उपस्थिति की मानिट¨रग कर एसपी को जानकारी देंगे। एसपी आशीष भारती का पुलिस मित्र वाला प्रयोग भी बीते वर्ष काफी सफल रहा था।
- राज्य परिवहन निगम के सहयोग से ठंड के मौसम में यात्रियों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, बीते वर्ष की तरह ही ठंड के मौसम में शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहे और मुहल्ले में निरंतर गश्त के लिए पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
आशीष भारती, एसपी मुंगेर