कार्यकर्ता समाज में अच्छा कार्य करने का संकल्प लें
रविवार को स्थानीय कोसी निरीक्षण भवन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई।
मधुबनी। रविवार को स्थानीय कोसी निरीक्षण भवन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। अध्यक्षता मधेपुर उत्तरी के मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार झा ने की। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा एमएलसी सुमन कुमार महासेठ ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष पर हमारे कार्यकर्ता समाज के अन्दर एक अच्छा कार्य करने का संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव कस्बों को गोद लेकर वहां की छोटी समस्याओं के प्रति जनजागरूकता लाकर उसका निदान करेंगे। प्रधानमंत्री जी के महत्वपूर्ण योजना घर घर शौचालय का निर्माण कराने व खुले में शौचमुक्त हो हमारा समाज के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। एमएलसी ने कहा कि संकल्पित कार्यकर्ताओं को सर्वप्रथम प्रशिक्षित किया जाएगा। उसके बाद उन्हें 15 दिनों के लिए दूसरे पंचायतों में भेजा जाएगा। जहां के दो बूथों के लोगों के बीच वे जाकर केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न गरीब हितैषी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा आमलोगों में जागरुकता लाने का काम करेंगे। श्री महासेठ ने कहा कि राजनीति सुचिता के लिए धन संग्रह, स्वालंबन और समर्पन जरूरी है। जिसके लिए आजीवन सहयोग निधि की सदस्यता फार्म कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया गया। जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य लोगों को भी सदस्य बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी 6 अप्रैल को बीजेपी का स्थापना दिवस उत्सवी माहौल में सभी बूथों पर मनाया जाना है। जिसकी तैयारी भी की जा रही है। बैठक को प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुरंजन झा, सत्य नारायण अग्रवाल, सुभाष झा, झब्बू चौधरी, दिवाकर झा, दधिचि मिश्र, जय शंकर भारती सहित अन्य ने संबोधित किया।