भारी सुरक्षा के बीच गुजरी राजधानी एक्सप्रेस
खगड़िया। पूर्व घोषित राजधानी एक्सप्रेस का रेल चक्का जाम को देखते हुए पुलिस छावनी में तब्दील खगि
खगड़िया। पूर्व घोषित राजधानी एक्सप्रेस का रेल चक्का जाम को देखते हुए पुलिस छावनी में तब्दील खगड़िया रेलवे जंक्शन से 8:35 बजे शाम में ट्रेन बिना रुके गुजर गई। सन्हौली फुट ओवर ब्रिज से लेकर खगड़िया जंक्शन तक रेल व जिला पुलिस ने जंजीर बनाते हुए पूर्वोत्तर बिहार रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति के सदस्यों को पटरी पर जाने से रोक दिया।
बताते चलें कि पूर्वोत्तर बिहार रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति ने राजधानी एक्सप्रेस के साथ ही गरीब नवाज एक्सप्रेस के खगड़िया जंक्शन पर ठहराव की मांग को लेकर खगड़िया में राजधानी एक्सप्रेस के रेल चक्का जाम करने का ऐलान किया था। इसी को देखते हुए खगड़िया जंक्शन पर बरौनी आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट विरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस के जवान खगड़िया स्टेशन पहुंच गए। राजधानी एक्सप्रेस की प्रतिक्षा में खड़े संघर्ष समिति के दर्जनों कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्लेटफार्म के नीचे पटरी पर नहीं जाने दिया गया। इस दौरान खगड़िया स्टेशन से निर्बाध रूप से राजधानी एक्सप्रेस गुजर गई।
इधर, संघर्ष समिति के केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी ने बताया कि हमें राजधानी एक्सप्रेस को भले ही रोकने नहीं दिया गया, परंतु हम अपने उद्देश्य में सफल रहे हैं। खगड़िया वासियों के आक्रोश से हमने रेल प्रशासन को दिल्ली तक संदेश देने का काम किया है। अब हम अपने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 21 नवंबर को खगड़िया जंक्शन पर रेलवे से जुड़ी अन्य मांगों के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को आंदोलन के दौरान सुभाष चंद्र जोशी के साथ ही देशबंधु आजाद, मांगीलाल शर्मा, राजकुमार बजाज, अभिषेक शर्मा, प्रेम कुमार यशवंत, धर्मेंद्र गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पप्पू जी, शंकर शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।