पांच दिन में कोरोना के 10 लाख नए मामले, अमेरिकी देशों में आधे से ज्यादा संक्रमित
दुनियाभर में कोरोना वायरस से अब तक एक करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।
लंदन, एपी। दुनियाभर में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों से हालात खराब होते जा रहे हैं। पांच दिन के भीतर कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 10 लाख बढ़ी है। इसको लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन प्रमुख ने कहा है कि नए मामलों में आधे से अधिक केस अमेरिकी देशों से आ रहे हैं। अभी भी वक्त है। बेहतर रणनीति के साथ इसके तेज रफ्तार को नियंत्रित किया जा सकता है।
डब्ल्यूएचओ के प्रमुख ने एक बार फिर चेतावनी देते हुए कहा है कि दुनियाभर में कोरोना महामारी के चलते स्थिति बिगड़ रही है। अभी दूर-दूर तक सामान्य जनजीवन की कोई संभावना नजर नहीं आ रही। दुनियाभर में अब तक एक करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।
सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग में डब्ल्यूएचओ महानिदेशक टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस ने कहा कि निकट भविष्य में पुराने सामान्य दिनों की वापसी नहीं होगी। उन्होंने कहा, यद्यपि कि यूरोप और एशिया में कई देशों ने कोरोना को काबू में कर लिया है, लेकिन अभी कई देशों में यह संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
टेड्रोस ने बिना किसी का नाम लिए महामारी के प्रकोप के बारे में भ्रामक जानकारी देने के लिए नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के लिए व्यापक रणनीति अपनाने का आह्वान किया।
बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक रविवार को दुनियाभर में रिकॉर्ड 2,30,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा अमेरिका में 66 हजार से ज्यादा केस शामिल हैं। इससे पहले चौबीस घंटे में सबसे ज्यादा शुक्रवार को 2,28,000 मामले मिले थे।