119 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ाया ऑटो, बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज
एसेक्स के 46 साल के मैट एवरार्ड ने एलविंगटन एयरफील्ड पर 119.583 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऑटोरिक्शा दौड़ाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
लंदन, एजेंसी। जुनून शायद इसी को कहते हैं। ऑटोरिक्शा भारत सहित थाईलैंड जैसे देशों में भले ही सर्वत्र दिख जाए लेकिन उसकी रफ्तार का रिकॉर्ड ब्रिटेन में बना है। एसेक्स के 46 साल के मैट एवरार्ड ने एलविंगटन एयरफील्ड पर 119.583 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऑटोरिक्शा दौड़ाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
मैट ने ईबे से तीन हजार पौंड (2.7 लाख रुपये) में एक ऑटोरिक्शा खरीदा। रिकॉर्ड बनाने के लिए उन्होंने उसके 350 सीसी इंजन को बदलकर 1300 सीसी का इंजन लगाया। गिनीज बुक में ऑटोरिक्शा से पहले का रिकॉर्ड 110 किमी प्रति घंटे का था। रिकॉर्ड के लिए गिनीज बुक की टीम के सामने उन्हें एक सवारी भी बैठानी थी।
लिहाजा उन्होंने अपने चचेरे भाई को इसके लिए राजी किया। अधिकतम रफ्तार तक पहुंचने पर उनके ऑटोरिक्शा के पहिए डगमगाने लगे, लेकिन उनका हौसला नहीं डिगा। रिकॉर्ड बनाने पर उनका जोश सातवें आसमान पर था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप