टेक्सास सिनेगाग हमले की जांच में दो बच्चों की हुई गिरफ्तारी, ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने की पुष्टि
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने रविवार को टेक्सास सिनेगाग हमले की जांच के तहत दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों किशोरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कोलीविले शहर के एक आराधनालय में कुछ बंदूकधारियों ने कुछ लोगों को बंधक बना लिया गया था।
लंदन, एएनआइ। ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने रविवार को टेक्सास सिनेगाग हमले की जांच के तहत दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस के बयान में कहा कि शनिवार यानि 15 जनवरी 2022 को अमेरिका के टेक्सास के एक प्रार्थना स्थल सिनेगाग में हुए हमले की जांच के हिस्से के रूप में काउंटर टेरर पुलिसिंग नॉर्थ वेस्ट के अधिकारियों ने दो गिरफ्तारियां की हैं। दक्षिण मैनचेस्टर में आज शाम दो किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों किशोरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
आतंकवाद विरोधी पुलिसिंग (सीटीपी) उत्तर पश्चिम और सीटीपी अंतर्राष्ट्रीय संचालन अमेरिकी अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही हमले की जांच में मदद कर रहे हैं। इस क्षेत्र में पुलिस बल स्थानीय समुदायों के साथ संपर्क कर रहे हैं, जिससे हमले की जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद की जा सके। इससे पहले रविवार को तनावपूर्ण स्थिति के बाद 44 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक मलिक फैसल अकरम की मौत हो गई थी।
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बताया कि अकरम पाकिस्तानी वैज्ञानिक आफिया सिद्दीकी की रिहाई की मांग कर रहा था। आफिया सिद्दीकी को अफगानिस्तान में हिरासत में अमेरिकी सैन्य अधिकारियों को मारने की कोशिश करने के मामले में दोषी ठहराया गया था। आपको बता दें कि शनिवार को कोलीविले शहर के एक आराधनालय में घुसकर अकरम द्वारा एक रब्बी सहित कम से कम चार लोगों को दस घंटे से अधिक समय तक बंधक बना लिया गया था। करीब 12 घंटे की जद्दोजहद के बाद पुलिस ने सभी लोगों को रिहा करा लिया। हमले किसी भी सदस्य की मौत की खबर नहीं थी। साथ ही कोलीविल पुलिस ने बताया कि बंधक बनाने वाले संदिग्ध की मौत हो गई है। पाकिस्तानी न्यूरो साइंटिस्ट आफिया सिद्दीकी को अल कायदा से संबंध रखने के आरोप में अमेरिका ने जेल की सजा सुनाई थी।