Sleeping Cells Prevent Cancer: शरीर में बनेने वाली ये कोशिकाएं रोकती है कैंसर
Sleeping Cancer Cells अध्ययन में कैंसर और उम्र बढ़ने के बीच के संबंध के बारे में पारंपरिक दृष्टिकोण को चुनौती दी है और यह सुझाव दिया है कि बढ़ती उम्र कैंसर की रोकथाम करती है।
लंदन, प्रेट्र। Sleeping Cells Prevent Cancer इंसान की बढ़ती उम्र कैंसर को रोकती है। बढ़ती उम्र में शरीर में पैदा होने वाली विशेष कोशिकाएं कैंसर का विस्तार रोकती हैं। यह दावा एक अध्ययन में वैज्ञानिकों द्वारा किया गया है। ‘एजिंग सेल’ जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में बताया गया है कि मानव शरीर में प्रत्येक कोशिका किसी विशिष्ट कार्य को करने के लिए होती है। इन कोशिकाओं को सक्रिय करने के लिए मात्र कुछ ही जीन की जरूरत पड़ती है।
जीन एक्सप्रेशन
ब्रिटेन की लिवरपूल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं सहित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों की टीम ने बताया कि जीन एक्सप्रेशन (वह प्रक्रिया जिसमें जीन एक विशेष प्रकार के प्रोटीन के उत्पादन के लिए सक्रिय होते हैं) का उपयोग अक्सर कैंसर और बढ़ती उम्र का अलग-अलग अध्ययन करने के लिए किया जाता है। हालांकि, कुछ ही अध्ययनों में जीन एक्सप्रेशन, बढ़ती उम्र और कैंसर के बीच के संबंधों की जांच की गई है। अपने अध्ययन में शोधकर्ताओं ने नौ मनुष्यों के ऊतकों में जीन एक्सप्रेशन की तुलना बढ़ती उम्र और कैंसर के मामलों में की।
‘स्लीपिंग कोशिकाएं’
शोधकर्ताओं ने बताया कि आनुवंशिक उत्परिवर्तन कोशिकाओं को अनियंत्रित तरीके से बढ़ाता है, जिससे कैंसर होता है। शरीर में एक स्वस्थ कोशिका नियंत्रित तरीके से विभाजित होती है, लेकिन जब यह अनियंत्रित तरीके से बढ़ने लगती हैं तो कैसंर होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कई कोशिकाएं इस स्थिति को भांप लेती हैं और सो जाती हैं। यह सीनेसेंट या ‘स्लीपिंग कोशिकाएं’ होती हैं और यह विभाजित होने की अपनी क्षमता खो देती हैं।
कैंसर के लिए जरूरी प्रोटीन
वैज्ञानिकों ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ ही इन स्लीपिंग कोशिकाओं की संख्या बढ़ जाती है। जो उम्र संबंधी प्रक्रियाओं और बीमारियों की वजह से होती है। कैंसर के प्रसार के लिए ये कोशिकाएं बड़ी बाधक साबित होती हैं। ये ट्यूमर को जरूरी प्रोटीन नहीं मुहैया करातीं, जिससे उसका प्रसार रुक जाता है। अपने अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है इन स्लीपिंग कोशिकाओं की संख्या भी बढ़ती है। कैंसर को जरूरी प्रोटीन और फैलाव के लिए स्वस्थ कोशिकाओं की जरूरत पड़ती है।
शोधकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने अध्ययन में कैंसर और उम्र बढ़ने के बीच के संबंध के बारे में पारंपरिक दृष्टिकोण को चुनौती दी है और यह सुझाव दिया है कि बढ़ती उम्र कैंसर की रोकथाम करती है। उन्होंने बताया कि शरीर में दो बल एक दूसरे के विपरीत काम करते हैं उत्परिवर्तन कैंसर को बढ़ाता है तो वहीं स्लीपिंग कोशिकाएं उसका विस्तार रोकती हैं।
यह भी पढ़ें:
Symptoms of Cancer: ये लक्षण दिखें तो बिल्कुल भी अनदेखा न करें, बड़े खतरे का हैं संकेत
Smoking न करने पर भी हो रहा लंग कैंसर, 30 फीसद है आंकड़ा Lucknow News