Move to Jagran APP

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रिंस फिलिप के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रिंस फिलिप के निधन पर दुख व्यक्त किया।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Fri, 09 Apr 2021 04:56 PM (IST)Updated: Fri, 09 Apr 2021 10:34 PM (IST)
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप की फाइल फोटो

लंदन, एजेंसियां। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के पति और ड्यक ऑफ एडिनबरा प्रिंस फिलिप का निधन हो गया। वह 99 साल के थे। बकिंघम पैलेस ने उनके निधन की घोषणा की। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रिंस फिलिप के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रिंस फिलिप के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट में कहा, 'मेरी संवेदनाएं ब्रिटेन के लोगों और शाही परिवार के साथ हैं।'

loksabha election banner

बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा, 'बहुत दुख के साथ महारानी ने अपने पति प्रिंस फिलिप के निधन की घोषणा की। उन्होंने विंडसर कैसल में शुक्रवार सुबह अंतिम सांस ली।' प्रिंस फिलिप एक माह अस्पताल में रहने के बाद गत मार्च के शुरू में विंडसर कैसल लौटे थे। उनका लंदन के सेंट बार्थोलोमियो अस्पताल में दिल की बीमारी का इलाज किया गया था। उनका इस साल जून में 100वां जन्मदिन था। प्रिंस फिलिप का जन्म दस जून, 1921 को हुआ था। प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ लॉकडाउन के दौरान ज्यादातर समय विंडसर कैसल में ही रहे। दोनों ने गत जनवरी में एक साथ कोरोना वैक्सीन लगवाई थी। महारानी एलिजाबेथ ने 1997 में अपनी शादी की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर कहा था, 'वह (प्रिंस फिलिप) बेहद सरल और मेरी ताकत हैं।' महारानी अपनी निजी जिंदगी के बारे में सार्वजनिक तौर पर कम बोलती हैं।

1947 में हुई थी फिलिप और एलिजाबेथ की शादी

वर्ष 1947 में फिलिप और एलिजाबेथ की शादी हुई थी। शादी के पांच साल बाद 1952 में एलिजाबेथ महारानी बन गई थीं। इस शाही दंपती के चार बच्चे, आठ पोते-पोती और दस पड़पोते और पड़पोती हैं। उनके बड़े बेटे प्रिंस चा‌र्ल्स का जन्म 1948 में हुआ।

राजगद्दी के दावेदार हुए प्रिंस चा‌र्ल्स

प्रिंस फिलिप के निधन बाद उनके बड़े बेटे प्रिंस चा‌र्ल्स राजगद्दी के दावेदार हो गए हैं। इसके बाद उत्तराधिकार के क्रम में चा‌र्ल्स के बेटे प्रिंस विलियम और पोता प्रिंस जॉर्ज का स्थान है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.