ब्रिटेन में योग को और दिया जाएगा बढ़ावा, प्रिंस चार्ल्स ने की वकालत
ब्रिटेन की राजगद्दी के वारिस और महारानी एलिजाबेथ के बेटे प्रिंस चार्ल्स ने देश में योग के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल का समर्थन किया है।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन की राजगद्दी के वारिस और महारानी एलिजाबेथ के बेटे प्रिंस चार्ल्स ने देश में योग के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल का समर्थन किया है। उनका कहना है कि इससे हेल्थ केयर के अन्य साधनों का बोझ कम होगा। उन्होंने नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) को योग का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
प्रिंस ने लंदन में हो रहे 'योग इन हेल्थकेयर कांफ्रेंस' में अपने लिखित संदेश में योग के महत्व को रेखांकित किया। 15 से 17 फरवरी तक यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टमिंस्टर में आयोजित इस कांफ्रेंस में योग और स्वास्थ्य नीतियों से जुड़े कई दिग्गजों ने हिस्सा लिया। अपने संदेश में प्रिंस चार्ल्स ने कहा, 'हजारों सालों से लोग योग करते आए हैं। उन्हें इससे फायदा भी हुआ है।
योग की मदद से केवल किसी एक व्यक्ति को स्वास्थ्य लाभ नहीं मिलता बल्कि इससे ऐसे स्वास्थ्य संसाधन भी बचते हैं जो बहुत खर्चीले हैं।' चार्ल्स पहले भी कई बार इस प्राचीन भारतीय पद्धति का पक्ष ले चुके हैं। उनका कहना है कि इससे लोगों में अनुशासन भी आता है।