Move to Jagran APP

ब्रिटेन में फिर लॉकडाउन लगाने की तैयारी, कोरोना संक्रमण रोकने के लिए किए गए कई नए उपाय

इंग्लैंड में गत दस सितंबर से रोजाना औसतन करीब छह हजार नए मामले पाए जा रहे हैं। जबकि पिछले हफ्ते रोजाना औसतन 3200 मामले पाए गए थे।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Fri, 18 Sep 2020 09:00 PM (IST)Updated: Fri, 18 Sep 2020 09:12 PM (IST)
ब्रिटेन में फिर लॉकडाउन लगाने की तैयारी, कोरोना संक्रमण रोकने के लिए किए गए कई नए उपाय
ब्रिटेन में फिर लॉकडाउन लगाने की तैयारी, कोरोना संक्रमण रोकने के लिए किए गए कई नए उपाय

लंदन, एजेंसियां। ब्रिटेन में कोरोना के नए मामलों में उछाल के बाद राष्ट्रीय स्तर पर फिर लॉकडाउन लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। देश में रोजाना तकरीबन छह हजार नए संक्रमित मिलने पर इस मसले पर विचार-विमर्श शुरू हो गया है कि राष्ट्रीय स्तर पर दोबारा लॉकडाउन लगे या नहीं। इस बीच कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कई नए उपाय लागू किए गए हैं।

loksabha election banner

सरकार ने शुक्रवार को उत्तरी इंग्लैंड में स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगाने समेत कई सख्त पाबंदियों की घोषणा की। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के जमावड़े पर रोक लगाने के साथ ही रेस्तरां, सिनेमाघर और पब को रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक बंद रखने को कहा गया है। उत्तरी इंग्लैंड और लंदन में संक्रमित लोगों की संख्या में तेज उछाल के बाद यह कदम उठाया गया है।

इंग्लैंड में गत दस सितंबर से रोजाना औसतन करीब छह हजार नए मामले पाए जा रहे हैं। जबकि पिछले हफ्ते रोजाना औसतन 3,200 मामले पाए गए थे। उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड और लंदन महामारी का केंद्र बन रहे हैं। इस बीच स्काई न्यूज की ओर से दोबारा लॉकडाउन लगाए जाने के बारे में पूछे जाने पर स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा, 'मैं अभी इस सवाल का उत्तर नहीं दे सकता। अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या हर आठ दिन में दोगुनी हो रही है। हम लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएंगे।'

ब्रिटेन में गिरावट आने के बाद महामारी फिर बढ़ने लगी है। इस देश में अब तक कुल तीन लाख 80 हजार से ज्यादा संक्रमित पाए गए और 41 हजार से अधिक की जान गई है।

इजरायल में दोबारा लगा लॉकडाउन

इजरायल में कोरोना के प्रकोप पर अंकुश लगाने के प्रयास में शुक्रवार से तीन हफ्ते के लिए दोबारा लॉकडाउन लगा दिया गया। इस नए उपाय के तहत कई कारोबारों को बंद रखने के साथ ही लोगों की आवाजाही और जमावड़े पर रोक रहेगी। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को आगाह किया था कि संक्रमण की रोकथाम के लिए सख्त उपायों की जरूरत पड़ सकती है। इस देश में अब तक कुल एक लाख 75 हजार से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं।

न्यूजीलैंड में 24 घंटे में नहीं मिला कोई नया मामला

न्यूजीलैंड में पांच हफ्ते बाद बीते 24 घंटे के दौरान पहली बार कोई नया मामला नहीं पाया गया। इससे यह माना जा रहा है कि आकलैंड में संक्रमण पर काबू पा लिया गया है। संक्रमण रोकने के लिए इस शहर में लॉकडाउन लगाया गया था। न्यूजीलैंड में अब तक महज 1,800 मामले पाए गए और 25 की मौत हुई है।

जानिए विश्व के अन्य देशों में कोरोना का असर

रूस : 5,905 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर दस लाख 91 हजार से ज्यादा हो गई। 19 हजार 195 की जान गई है।

ब्राजील : महामारी से जूझ रहे इस लैटिन अमेरिकी देश के सबसे बड़े शहर साओ पाउलो में सात अक्टूबर से विश्वविद्यालयों को खोल दिया जाएगा।

पाकिस्तान : बीते 24 घंटे में 752 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख चार हजार से ज्यादा हो गया। 6,408 की मौत हुई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.