Effect of Megan's interview: UK में अलोकप्रिय हुई मेगन, 94 वर्षीय रानी की लोकप्रियता का ग्राफ चढ़ा, 63 फीसद ने राजशाही का समर्थन किया
प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल की चर्चित और विस्फोटक साक्षात्कार का असर उनकी लोकप्रियता पर पड़ा है। ओपरा विन्फ्रे को दिए गए साक्षात्कार के बाद उनकी लोकप्रियता सबसे नीचे स्तर पर पहुंच गई है। दूसरी और 94 वर्षीय ब्रिटेन की रानी का ग्राफ तेजी से उठा है।
लंदन, रायटर। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल की चर्चित और विस्फोटक साक्षात्कार का असर उनकी लोकप्रियता पर पड़ा है। शुक्रवार को एक सर्वेक्षण के मुताबिक ओपरा विन्फ्रे को दिए गए साक्षात्कार के बाद उनकी लोकप्रियता सबसे नीचे स्तर पर पहुंच गई है। दूसरी और 94 वर्षीय ब्रिटेन की रानी का ग्राफ तेजी से उठा है। इसके पूर्व मेगन की लोकप्रियता में इस तरह की गिरावट कभी नहीं हुई थी। गौरतलब है कि ओपरा विन्फ्रे को दिए एक साक्षात्कार में मेगन ने यह रहस्योद्घाटन किया था कि जब आर्ची उनके गर्भ में था, तब शाही परिवार के एक सदस्य ने उसके त्वचा रंग के बारे में चिंता जाहिर की थी।
साक्षात्कार के बाद मेगन की लोकप्रियता में बड़ी गिरावट
मेगन की लोकप्रियता में एक सप्ताह के अंदर बड़ी गिरावट देखने को मिली है। उनकी लोकप्रियता में एक सप्ताह में 15 अंकों की गिरावट आई है। 18 से 24 वर्ष की आयु के अधिकांश लोगों ने हैरी और मेगन को पंसद किया है, जबकि 65 से अधिक उम्र वाले उनके प्रति नकारात्मक भाव रखते हैं। इस सर्वेक्षण में पंसद और नापंसद की प्रवृति में पीढ़ियों का विभाजन साफ तौर पर दिखा। इस सर्वेक्षण में 10 में से तीन लोगों का मेगन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण था, जबकि 58 फीसद लोगों की उनके प्रति नकारात्मक राय थी। इनकी तुलना में 94 वर्षीय रानी को 80 फीसद लोगों ने पसंद किया। हैरी के बड़े भाई और उनकी पत्नी केट तीन चौथाई लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। खास बात यह है कि ब्रिटेन में साक्षात्कार प्रसारित होने से पहले एक सर्वेक्षण में देश के 63 फीसद लोगों ने राजशाही का समर्थन किया, जबकि 25 फीसद लोग निर्वाचित संवैधानिक प्रमुख के पक्ष में अपनी राय रखी। चौंकाने वाली बात यह है कि कम आयु वर्ग के लोगों ने एक निर्वाचित प्रमुख के लिए अपना समर्थन दिया।
मेगन ने शाही परिवार पर लगाया नस्ली भेदभाव का आरोप
मेगन ने अपने साक्षात्कार में कहा था कि शाही परिवार उनके बेटे आर्ची को सिर्फ इसलिए प्रिंस नहीं बनाना चाहता था, क्योंकि उसके जन्म से पहले उन्हें डर था कि कहीं उसका रंग काला ना हो। हॉलीवुड स्टार ओप्रा विन्फ्रे के साथ बातचीत में मेगन ने कहा कि आर्ची के जन्म से पहले शाही परिवार ने प्रिंस हैरी से इस संबंध में बातचीत भी की थी। हालांकि उन्होंने उस शख्स का नाम नहीं बताया, जिसने इस बात का डर जताया था। प्रिंस हैरी और मेगन के साक्षात्कार पर बकिंघम पैलेस ने कहा कि शाही परिवार इस नई जानकारी से काफी दुखी है। बयान में कहा गया है, 'जो मुद्दे उठाए गए हैं, खासतौर पर नस्लवाद संबंधी, वे चिंतित करने वाले हैं। कुछ स्मरणों में अंतर हो सकता है, लेकिन उन्हें बहुत गंभीरता से लिया गया है और परिवार द्वारा उनका निजी तौर पर समाधान किया जाएगा।
मेगन को आने लगे थे खुदकुशी के विचार
39 वर्षीय मेगन ने कहा कि वर्ष 2018 में हैरी से शादी होने के बाद शाही परिवार के साथ वक्त बिताते हुए उन्हें खुदकुशी करने जैसे खयाल आने लगे थे। खास बात यह है कि पैलेस ने उन्हें इस संबंध में मनोवैज्ञानिक मदद लेने से रोका था। शाही परिवार के एक वरिष्ठ अधिकारी से जब उन्होंने कहा कि उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के लिए मदद की जरूरत है तो उसने कहा कि यह परिवार के लिए अच्छा नहीं है। बता दें कि पिछले वर्ष जनवरी में हैरी और मेगन ने शाही परिवार से अलग होने की इच्छा जाहिर की थी। पिछले महीने बकिंघम पैलेस ने एक बयान में स्पष्ट किया था कि हैरी और मेगन का शाही परिवार से अलग होना एक स्थायी व्यवस्था होगी। फिलहाल दंपती अमेरिका में एक स्वतंत्र जीवन व्यतीत कर रहे हैं।