आयरलैंड की पूर्व राष्ट्रपति मैरी रॉबिंसन ने दी शहजादी लतिफा के बारे में ये जानकारी
मैरी रॉबिंसन ने गुरुवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भागने का प्रयास करने वाली शहजादी शेख लतिफा परेशान हैं।
लंदन, एएफपी। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार की पूर्व प्रमुख और आयरलैंड की राष्ट्रपति रह चुकीं मैरी रॉबिंसन ने गुरुवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भागने का प्रयास करने वाली शहजादी शेख लतिफा परेशान हैं। रॉबिंसन ने इसी माह लतिफा से मुलाकात की थी।
वह यूएई के प्रधानमंत्री और दुबई के शासक मुहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम की बेटी हैं। लतिफा इस सात मार्च में उस समय सुर्खियों में आई थीं जब उन्होंने एक याट के जरिये भारत के रास्ते अमेरिका भागने का प्रयास किया था। लेकिन भारत पहुंचने से पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया था। इस घटना के बाद से वह सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दीं।
रॉबिंसन ने बीबीसी रेडियो से कहा, मुझे दुबई के शासक की पत्नी शहजादी हया ने अपनी बेटी लतिफा की मदद के लिए बुलाया था। मैंने उनके साथ लंच किया। वह बेहद आकर्षक युवती हैं, लेकिन साफ तौर पर परेशान दिखाई दीं। उन्हें मनोचिकित्सा की जरूरत है और उन्हें यह मिल भी रही है।' अंतरराष्ट्रीय मीडिया में लतिफा पर आईं खबरों के बाद यूएई के अधिकारियों ने कुछ तस्वीरें जारी की थीं, जिसमें उन्हें रॉबिंसन के साथ दिखाया गया था।