ट्रंप की जीत में था फेसबुक अभियानों का भी योगदान, इतने रुपये किए थे खर्च
शोधकर्ताओं ने बताया कि ट्रंप ने चुनाव के दौरान फेसबुक पर अभियान चलाने के लिए 4.4 करोड़ डॉलर (करीब 311 करोड़ रुपये) तो 2.8 करोड़ डॉलर(करीब 198 करोड़ रुपये) खर्च किए थे।
लंदन, प्रेट्। 2016 में अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीतने में डोनाल्ड ट्रंप को फेसबुक से बड़ी मदद मिली थी। फेसबुक के हर यूजर को ध्यान में रखकर चलाए गए विशेष सोशल मीडिया अभियानों ने अनिर्णय की स्थिति में फंसे मतदाताओं को ट्रंप के समर्थन के लिए प्रेरित किया। यूनिवर्सिटी ऑफ मैड्रिड के अध्ययन में यह बात सामने आई है।
शोधकर्ताओं ने बताया कि ट्रंप की टीम ने चुनाव के दौरान फेसबुक पर अभियान चलाने के लिए 4.4 करोड़ डॉलर (करीब 311 करोड़ रुपये) खर्च किए थे। इसकी तुलना में उनकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन की टीम ने 2.8 करोड़ डॉलर (करीब 198 करोड़ रुपये) का खर्च किया था।
अध्ययन के मुताबिक, इस तरह के अभियानों में यूजर के लिंग, निवास और राजनीतिक रुझान के हिसाब से उसे संदेश भेजे जाते थे। इसके जरिये ऐसे मतदाताओं को ट्रंप की ओर मोड़ने का प्रयास किया जाता था, जो राजनीतिक रूप से किसी पक्ष में नहीं थे। इससे ट्रंप को पांच फीसद का फायदा मिलने की बात कही जा रही है। क्लिंटन के मामले में ऐसा नहीं हो सका।
शोधकर्ताओं ने कहा, 'दुर्भाग्य से हमें ऐसा कोई प्रमाणिक डाटा नहीं मिला, जिससे यह पता लग सके कि इस अभियान से ट्रंप की तरह हिलेरी को फायदा क्यों नहीं हुआ।' स्विट्जरलैंड की फेडेरिका लिबरनिनी ने कहा, 'नतीजे बताते हैं कि फेसबुक से राजनीति समझने की कोशिश मतदाताओं को जानकार नहीं बनाती, बल्कि उनके रुझान को बदलने का काम करती है।
यह काफी हद तक राजनीतिक ध्रुवीकरण जैसा है।' कुछ विशेषज्ञ इसे सकारात्मक भी मान रहे हैं। शोधकर्ता एंटोनियो रूसो ने कहा, 'नतीजे दिखाते हैं कि सोशल मीडिया में लोगों की राजनीतिक चेतना बढ़ाने की क्षमता है। यह ऐसे लोगों को इस ओर मोड़ने में मदद कर सकता है, जो राजनीति के प्रति रुचि खो रहे हैं। मुझे लगता है कि यह अच्छी खबर है। हालांकि यह ध्यान रखने की जरूरत है कि सोशल मीडिया पर लोगों को सही जानकारी मिले।