Coronavirus in Britain: ब्रिटेन में 47 नए मामलों की पुष्टि, 163 लोग हुए संक्रमित; एक की मौत
ब्रिटेन ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के 47 नए मामलों की पुष्टि की है जिससे देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 163 हो गई है। वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
लंदन,एएनआइ। ब्रिटेन ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के 47 नए मामलों की पुष्टि की है, जिससे देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 163 हो गई है। देश के स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। देश के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार नए आंकड़ों में इंग्लैंड में 147 मामले, स्कॉटलैंड में 11, उत्तरी आयरलैंड में तीन और वेल्स में दो मामले शामिल हैं।
एक बयान में स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल विभाग ने इसकी जानकारी दी। शुक्रवार तक 20,338 लोगों की जांच हुई है। इनमें से 20,175 लोगों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। वहीं 163 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। वहीं एक मरीज की मौत भी हुई है।
नए पैकेज की घोषणा
इससे पहले दिन में, ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोना वायरस वैक्सीन को खोजने और तेज परीक्षण विकसित करने के लिए 46 मिलियन पाउंड (लगभग 60 मिलियन अमेरिकी डॉलर) के नए पैकेज की घोषणा की।जॉनसन ने कहा, 'हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि देश हर स्तर पर वायरस के प्रकोप से लड़ने के लिए तैयार है। हमें अब ऐसे टीकों पर शोध करने की भी आवश्यकता है, जो इसको रोकने में मदद कर सकें।'
दुनियाभर में 1,00,000 से ज्यादा मामले सामने आए
बता दें कि वायरस का पहला मामला दिसंबर में चीन के वुहान शहर में मामला सामने आया था। इसके बाद इसने 80 से ज्यादा देशो में पैर पसार लिया है। चीन में 3,070 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 80,651 लोग संक्रमित हैं। दुनियाभर में 1,00,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। लगभग 3500 लोगों की मौत हो गई है।
यूरोप में सबसे ज्यादा इटली प्रभावित, लगभग 200 लोगों की मौत
चीन के बाद सबसे ज्यादा दक्षिण कोरिया प्रभावित है। यहां लगभग 6800 मामले सामने हैं और 42 लोगों की मौत हुई है। यूरोप में सबसे ज्यादा इटली प्रभावित है। यहां 4700 मामले सामने आए हैं और लगभग 200 लोगों की मौत हो गई है।