पूर्व रूसी राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन की शराब पीने की आदत से टेंशन में था ब्रिटेन, फाइलों से खुलासा
रूस के पूर्व राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन की मौत से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक की गई हैं। इसमें चौंकाने वाले वे खुलासे हुए हैं जिनके बारे में दुनिया को जानकारी नहीं थी।
लंदन, एएफपी। रूस के पूर्व राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन को 1995 में पड़े दिल के दौरे और उनकी अत्यधिक शराब पीने की आदत से ब्रिटेन बहुत ज्यादा चिंतित था। यही वजह थी कि ब्रिटेन ने येल्तसिन की राष्ट्रपति कार्यालय में ही मौत हो जाने की स्थिति में आकस्मिक योजनाएं भी तैयार की थीं। इस घटनाक्रम से जुड़ी फाइलें मंगलवार को यहां सार्वजनिक किए जाने के बाद यह जानकारी सामने आई है। ब्रिटेन के राष्ट्रीय अभिलेखागार से जारी दस्तावेजों के अनुसार, येल्तसिन को दूसरा दिल का दौरा पड़ने के बाद ही विदेश मंत्रालय ने शोक संवेदना वाले बयानों का मसौदा तैयार कर लिया था।
रूस के तत्कालीन राष्ट्रपति की तबीयत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 23 अक्टूबर, 1995 को उन्होंने न्यूयॉर्क में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ एक शिखर बैठक में भाग लिया और तीन दिन बाद ही दिल की बीमारी के कारण उन्हें मॉस्को के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। येल्तसिन की बीमारी पर उस समय मॉस्को में ब्रिटेन के राजदूत रहे एंड्रयू वुड ने कहा था कि न्यूयॉर्क में क्लिंटन के साथ शिखर बैठक के दौरान उन्होंने ना केवल शराब और बीयर का जमकर सेवन किया बल्कि विशेष तरह की ब्रांडी नहीं होने पर अफसोस भी जताया।
क्लिंटन के साथ प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भी वह नशे में थे। तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने स्वास्थ्य लाभ ले रहे येल्तसिन को भेजे एक संदेश में कहा था, आपने अपने आपको घरेलू और विदेश दोनों ही मामलों में काफी व्यस्त रखा है। उम्मीद है कि आप स्वस्थ होकर फिर सक्रिय होंगे। उसी साल 27 अक्टूबर को ब्रिटिश राजदूत वुड से एक रूसी राजनयिक ने कहा था कि अगर येल्तसिन का अचानक निधन हो जाता है तो हमें असाधारण राजनीतिक दुविधा का सामना करना पड़ेगा।
हालांकि एक महीने बाद विदेश कार्यालय ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास (10 डाउनिंग स्ट्रीट) को भेजे एक पत्र में लिखा, येल्तसिन ठीक हो रहे हैं और वह रूस में पुरुष जीवन प्रत्याशा की उम्र सीमा (58 वर्ष) को पार कर गए हैं। जबकि उस समय येल्तसिन की उम्र 64 वर्ष थी। अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद येल्तसिन दिसंबर, 1999 तक सत्ता में बने रहे। 2007 में 76 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ। 1997 में पद छोड़ने वाले जॉन मेजर ब्रिटेन की तरफ से मॉस्को में उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।