ब्रिटिश महारानी की सम्मान सूची में अरबपति भाई और स्किपिंग सिख भी शामिल
भारतीय मूल के अरबपति भाइयों मोहसिन ईसा और जुबेर ईसा ने ब्रिटेन की सुपरमार्केट चेन एस्डा का अरबों रुपये में अधिग्रहण करके सुर्खियां बटोरी हैं। ईसा बंधु यूरो गैराज नाम से पेट्रोल पंप की एक श्रृंखला चलाते हैं। यह उनके ईजी ग्रुप बिजनेस का हिस्सा है।
लंदन, प्रेट्र। भारतीय मूल के अरबपति भाई, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक शिक्षाविद और स्किपिंग सिख सहित कई लोगों के नाम महारानी के जन्मदिन की सम्मान सूची में शामिल किए गए हैं। 74 वर्षीय स्किपिंग सिख ने रस्सी कूदने वाले अपने वीडियो की मदद से ब्रिटिश स्वास्थ्य सेवा के लिए धन एकत्र करने का काम किया। यह सूची आमतौर पर जून में जारी की जाती है, लेकिन कोरोना महामारी से निपटने में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों के नामों पर विचार करने के लिए इसे सितंबर में जारी किया गया है।
भारतीय मूल के अरबपति भाइयों मोहसिन ईसा और जुबेर ईसा ने ब्रिटेन की सुपरमार्केट चेन 'एस्डा' का अरबों रुपये में अधिग्रहण करके सुर्खियां बटोरी हैं। ईसा बंधु यूरो गैराज नाम से पेट्रोल पंप की एक श्रृंखला चलाते हैं। यह उनके ईजी ग्रुप बिजनेस का हिस्सा है।
गुजरात से आए थे माता पिता
लंकाशायर के औद्योगिक शहर ब्लैकबर्न से आने वाले इन दोनों भाइयों को उद्योग में योगदान और परमार्थ के लिए (कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट आर्डर ऑफ ब्रिटिश इम्पायर-सीबीई) का सम्मान दिया गया। इनके माता-पिता पिछले शताब्दी के सातवें दशक में गुजरात से यहां आए थे।
जन्मदिन की सम्मान सूची में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में ईकोसिस्टम साइंस के प्रोफेसर यादविंदर सिंह माल्ही का भी नाम है। ईकोसिस्टम साइंस में योगदान देने के लिए माल्ही को भी सीबीई से नवाजा गया है। इस वर्ष की शुरुआत में उन्हें लंदन स्थित नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम का ट्रस्टी नियुक्त किया गया था।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रिंस विलियम ने लॉन्च किया पुरस्कार
वहीं, दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने एक ग्लोबल पुरस्कार लॉन्च किया है। इसकी कीमत कई लाख पाउंड है। उन्होंने पर्यावरण संबंधी समस्याओं के समाधान के मद्देनजर यह ग्लोबल प्राइज लॉन्च किया है। इसके तहत हर साल 12 लाख 90 हजार डॉलर की राशि के पांच पुरस्कार दिए जाएंगे, जो अगले दस सालों तक हर साल दिए जाएंगे।