लीबिया संघर्ष और यूक्रेन को लेकर पुतिन और जर्मन चांसलर की फोन पर वार्ता, चिंता प्रगट की
दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में एक प्रारंभिक युद्ध विराम की अनिवार्यता और इंट्रा-लीबिया वार्ता की शुरुआत पर जोर दिया।
मास्को, एजेंसी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने लीबिया मामले पर फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने लीबिया में बढ़ती शत्रुता पर चिंता व्यक्त की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में एक प्रारंभिक युद्ध विराम की अनिवार्यता और इंट्रा-लीबिया वार्ता की शुरुआत पर जोर दिया।
इस दौरान पुतिन और मर्केल ने इंट्रा-यूक्रेनी संघर्ष समझौते पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने वर्ष 2015 में हस्ताक्षर किए गए मिन्स्क समझौते के कार्यान्वयन की प्रगति पर चिंता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने सीरिया के घटनाक्रम के प्रमुख पहलुओं और कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की।
मिन्स्क समझौता फरवरी, 2015 में हुआ था। इसके तहत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पूर्वी यूक्रेन में सभी पक्षों से संघर्ष विराम का पालन करने के लिए कहा गया था। लेकिन पूर्वी यूक्रेन में कुछ जगह संघर्ष विराम के बावजूद यूक्रेन की सेना और रूस समर्थित विद्रोहियों के बीच संघर्ष जारी रहा। यह अभी भी जारी है। बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में हुए शांति समझौते के मुताबिक़ यूक्रेन सरकार और अलगाववादी विद्रोहियों को सोमवार तक हथियार हटाने थे। लेकिन दोनों ही पक्षों के पास भारी हथियार अभी तक मौजूद हैं।