पुतिन विरोधी नवेलनी को घेरने में लगी सरकार, दर्ज किए गए नए आपराधिक मामले
पुतिन के विरोधी अलेक्साइ नवेलनी पर उनकी संस्था एंटी करप्शन फाउंडेशन व अन्य संस्थाओं में 5 करोड़ बिलियन प्राइवेट चंदा लेने के मामले में गड़बड़ी का आरोप है। इससे पहले पिछले 20 अगस्त को नवेलनी को खतरनाक जहर देने का मामला सामने आया था।
मास्को, एपी। रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरोधी नेता अलेक्साइ नवेलनी पर रूसी जांच एजेंसियां ने दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है। उनके खिलाफ धोखाधड़ी के नए मामले दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। रूस की मुख्य जांच एजेंसी की समिति ने बताया कि नवेलनी के खिलाफ नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। नवेलनी पर उनकी संस्था एंटी करप्शन फाउंडेशन व अन्य संस्थाओं में 5 करोड़ बिलियन प्राइवेट चंदा लेने के मामले में गड़बड़ी का आरोप है।
ज्ञात हो कि नवेलनी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के धुर विरोधी माने जाते हैं। उन्होंने हमेशा पुतिन की नीतियों और सरकारी भ्रष्टाचार का विरोध किया है। पिछले 20 अगस्त को नवेलनी की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। बाद में इलाज के लिए उनको जर्मनी ले जाया गया। यहां नवलेनी के टेस्ट में उनको गंभीर किस्म का जहर दिए जाने की पुष्टि हुई थी। नवेलनी ने सीधे पुतिन और उनकी सरकार पर जहर देने का आरोप लगाया था।
नवेलनी के खिलाफ जांच की यह खबर आने से एक दिन पहले ही उन पर पुराने मामले में सजा के निलंबन की शर्तो के उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। उन्हें इस मामले में अपना पक्ष रखने के लिए एक दिन का समय दिया गया था।
नवेलनी सरकारी भ्रष्टाचार के बारे में लिखते रहे हैं और उन्हें रूस की सरकार ने पहले भी कई बार गिरफ्तार किया है। जर्मनी में इलाज करा रहे नवेलनी कह चुके हैं कि वह ठीक होने के बाद रूस लौटने की योजना बना रहे हैं।