रूस ने अब दुकानों से कोरोना की दवा बेचने की मंजूर दी, डॉक्टर का प्रेसक्रिप्शन जरूरी
अगले हफ्ते से दवा की दुकानों से डॉक्टर के पर्चे पर यह दवा खरीदी जा सकती है। पहले सिर्फ अस्पतालों में भर्ती मरीजों को ही यह दवा देने की मंजूरी दी गई थी।
मॉस्को, रायटर। रूस ने कोरोना वायरस के हल्के और मध्यम लक्षणों वाले मरीजों को कोरोनावीर नामक दवा बेचने की मंजूरी दी दी है। अगले हफ्ते से दवा की दुकानों से डॉक्टर के पर्चे पर यह दवा खरीदी जा सकती है। पहले सिर्फ अस्पतालों में भर्ती मरीजों को ही यह दवा देने की मंजूरी दी गई थी। कोरोनावीर आर-फार्मा की दवा है।
रूस ने मई में एविफेवीर नामक दवा को भी कोरोना मरीजों को देने की मंजूरी दी गई थी। कोरोनावीर और एविफेवीर दोनों ही फेविपीरावीर के फॉर्मूले पर आधारित है, जिसे जापान ने विकसित किया था और वहां संक्रामक बीमारियों के इलाज में इसका इस्तेमाल किया जाता है।
आर-फार्मा ने कहा कि कोरोना के 168 मरीजों पर कोरोनावीर दवा का तीसरे चरण का परीक्षण किया गया। इसके बाद ही इसे मंजूरी मिली है। अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज में इस दवा के इस्तेमाल की मंजूरी जुलाई में मिली थी।
रूस ने स्पुतनिक नामक कोरोना वैक्सीन भी तैयार की है। इसके उत्पादन और वितरण के लिए भारत की डॉ. रेड्डी लैबोरेटरीज के साथ भी करार किया गया है। स्पुतनिक के तीसरे चरण का क्लीनिकल ट्रायल अभी चल रहा है।
रूस में संक्रमितों की संख्या 10 लाख के पार
देश के कोरोना वायरस प्रतिक्रिया केंद्र ने शुक्रवार को कहा कि रूस ने एक दिन में 5,905 COVID-19 मामले दर्ज किए हैं, इसी के साथ कुल संक्रमित मामलों की संख्या 10,91,186 हो गई है। प्रतिक्रिया केंद्र ने एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में, रूस ने 84 क्षेत्रों में 5,905 COVID-19 मामलों की पुष्टि की है, जिनमें 1,446 (24.5 फीसद) सक्रिय रूप से पाए गए हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 10,91,186 हो गई है।
मास्को में 805 मामले दर्ज किए, सेंट पीटर्सबर्ग में 206 और रोस्तोव क्षेत्र में 172 नए मामलों की पुष्टि की गई है। नेनेट्स स्वायत्त क्षेत्र में कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया था। पिछले 24 घंटों में, रूस में 134 COVID-19 मरीजों की मौत हो गई है, जिससे मौतों की कुल संख्या 19,195 हो गइ है और 5,339 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए हैं और इसके साथ ही देश में ठीक होने वालों का आंकड़ा कुल 9,01,207 हो गया है।