पुतिन ने कहा- पूर्व रूसी जासूस स्क्रीपल देशद्रोही हैं, इसको लेकर मीडिया पर कसा तंज
पुतिन ने पत्रकारों पर तंज कसते हुए कहा, आपके ही कुछ साथी स्क्रीपल को मानवाधिकार कार्यकर्ता बनाने पर तुले हैं।
मॉस्को, आइएएनएस। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्व रूसी जासूस सर्गेई स्क्रीपल को देशद्रोही और बदमाश बताया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्क्रीपल के झूठे मामले को मीडिया द्वारा रूस को बदनाम करने के लिए जान बूझकर उछाला गया था।
पुतिन ने पत्रकारों पर कसा तंज
रूस की राजधानी में आयोजित ऊर्जा सम्मेलन में गुरुवार को एक सवाल के जवाब में पुतिन ने पत्रकारों पर तंज कसते हुए कहा, 'आपके ही कुछ साथी स्क्रीपल को मानवाधिकार कार्यकर्ता बनाने पर तुले हैं। वह केवल एक जासूस, बदमाश और देशद्रोही है। यह मीडिया द्वारा निर्मित मुद्दा है जो जल्द खत्म होगा।'
ब्रिटेन सहित पश्चिमी देशों से संबंध खराब
गत मार्च में ब्रिटेन के सेलिसबरी शहर में स्क्रीपल और उनकी बेटी यूलिया पर खतरनाक रसायन नोविचोक से हमला किया गया था। इसकी वजह से दोनों को कई हफ्ते तक अस्पताल में रहना पड़ा था। ब्रिटेन ने इस हमले का आरोप रूस पर लगाया था जिसके बाद उसके ब्रिटेन सहित पश्चिमी देशों से संबंध खराब हो गए थे।