पुतिन ने ट्रंप के बयान पर कहा- मैंने जी-7 नहीं छोड़ा था, रूस मेजबानी करने को तैयार है
पुतिन ने कहा कि रूस ने जी-7 का साथ नहीं छोड़ा था। हमारे सहयोगियों ने ही कुछ मामलों के चलते मॉस्को आने से इन्कार कर दिया था।
क्विंगदाओ, रायटर। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि हमने अपनी मर्जी से जी-7 नहीं छोड़ा था और हमें मॉस्को में इसकी मेजबानी करने में खुशी होगी। उनसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई कि कनाडा में संपन्न जी-7 के शिखर सम्मेलन में रूस को भी होना चाहिए था। चार साल पहले यूक्रेन से क्रीमिया को अलग करने के मुद्दे पर रूस को जी-8 से बाहर कर दिया गया था।
शंघाई सहयोग संगठन से इतर पत्रकारों से बात करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस ने जी-7 का साथ नहीं छोड़ा था। हमारे सहयोगियों ने ही कुछ मामलों के चलते मॉस्को आने से इन्कार कर दिया था। हमें उन सबको अपने यहां देखकर खुशी होगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रूस और शंघाई सहयोग संगठन का संयुक्त व्यापार जी-7 से आगे चला गया है। इस समय अमेरिका, कनाडा, जापान, ब्रिटेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जी-7 के सदस्य देश हैं।