Move to Jagran APP

Victory Day: नाटो कर रहा था हमले की तैयारी, इसलिए की यूक्रेन पर कार्रवाई, 11 मिनट के भाषण में पुतिन ने साधा पश्चिम पर निशाना

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध में शहीद हुए प्रत्येक सैनिक के परिवार और मित्रों के प्रति हमारी संवेदना है। देश ने शहीदों के बच्चों की समुचित देखभाल की है और भविष्य में भी यह कार्य जारी रहेगा।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Mon, 09 May 2022 07:56 PM (IST)Updated: Tue, 10 May 2022 06:20 AM (IST)
Victory Day: नाटो कर रहा था हमले की तैयारी, इसलिए की यूक्रेन पर कार्रवाई, 11 मिनट के भाषण में पुतिन ने साधा पश्चिम पर निशाना
पुतिन ने कहा कि रूसी सीमाओं के लिए पैदा हो रहा था खतरा

मास्को, रायटर। द्वितीय विश्वयुद्ध की 77 वीं वर्षगांठ पर मास्को के लाल चौक पर आयोजित समारोह में सोमवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों पर रूस को कमजोर करने और उस पर हमले की तैयारी करने का आरोप लगाया। कहा कि नाटो हमारी सीमाओं पर खतरा पैदा कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर ही 24 फरवरी को सैन्य कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

loksabha election banner

अपने 11 मिनट के भाषण में पुतिन ने एक बार भी यूक्रेन का नाम नहीं लिया। उन्होंने यूक्रेन युद्ध को लेकर कोई घोषणा भी नहीं की। लेकिन पूर्वी यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र में लड़ रहे सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा, आप मातृभूमि के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। देश के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। किसी को भी द्वितीय विश्वयुद्ध का सबक नहीं भूलना चाहिए। दुनिया में जल्लादों, गलत तरीके से बदलाव करने वालों और नाजियों के लिए कोई जगह नहीं है। इसलिए हम नव नाजीवाद के खात्मे के लिए लड़ रहे हैं।

द्वितीय विश्वयुद्ध में सोवियत सेना के दो करोड़ 70 लाख लोग मारे गए

रूसी राष्ट्रपति ने कहा, द्वितीय विश्वयुद्ध में शहीद हुए प्रत्येक सैनिक के परिवार और मित्रों के प्रति हमारी संवेदना है। देश ने शहीदों के बच्चों की समुचित देखभाल की है और भविष्य में भी यह कार्य जारी रहेगा। पुतिन ने भाषण के अंत में एक मिनट का मौन रखकर द्वितीय विश्वयुद्ध में मारे गए अपने सैनिकों और नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। विदित हो कि द्वितीय विश्वयुद्ध में सोवियत सेना के दो करोड़ 70 लाख लोग मारे गए थे।

यूक्रेन युद्ध के 75 वें दिन आयोजित विजय दिवस समारोह में पुतिन ने जारी युद्ध के विषय में कोई खास घोषणा नहीं की। इससे संकेत मिलता है कि यूक्रेन में रूसी कार्रवाई अभी कुछ और हफ्ते जारी रहेगी। इससे पहले रूस की सेना ने नभ, थल, जल के अपने अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया। परेड में रूस का अत्याधुनिक अरमाता और टी-90 एम प्रोरीव टैंक मुख्य आकर्षण थे।

रूस को भी हराएगा यूक्रेन : जेलेंस्की

द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी पर जीत की वर्षगांठ पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उनका देश रूस के साथ चल रहे युद्ध को भी जीतेगा, वह भी बिना कोई क्षेत्र खोए। जाहिर है जेलेंस्की का इशारा क्रीमिया और डोनबास के उन इलाकों की ओर है जिन्हें 2014 में रूसी सेना और रूस समर्थित विद्रोहियों ने यूक्रेन से छीन लिया था। जेलेंस्की ने कहा, आज के दिन 1945 में हमने नाजीवाद पर विजय प्राप्त की थी और अब हम नई जीत के लिए लड़ रहे हैं। रास्ता मुश्किल है लेकिन हम जीत हासिल करेंगे, इसमें कोई शक नहीं है। द्वितीय विश्वयुद्ध के समय रूस और यूक्रेन सोवियत संघ में शामिल थे। सोवियत संघ ने मित्र देशों के साथ मिलकर जर्मनी के तानाशाह हिटलर की सेना को हराया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.