ग्लोबल वार्मिग का असर, रूसी द्वीप में घरों में घुसे हिंसक भालू
ग्लोबल वार्मिग के चलते रूस के पूर्वोत्तर में स्थित नोवाया जेमल्या द्वीप समूह में कई घरों व इमारतों में हिंसक पोलर बियर घुस गए हैं।
मॉस्को, एएफपी। ग्लोबल वार्मिग के चलते रूस के पूर्वोत्तर में स्थित नोवाया जेमल्या द्वीप समूह में कई घरों व इमारतों में हिंसक पोलर बियर घुस गए हैं। इसके चलते वहां के निवासी आतंकित हैं। लोगों में अफरा-तफरी मची हुई है जिसे देखते हुए वहां आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि वहां रहने वाले तीन हजार लोगों ने इस स्थिति से निपटने के लिए मदद मांगी है।
रूस प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक कमीशन भेजा है। अभी तक उन्होंने भालुओं को मारने की अनुमति नहीं दी है लेकिन जांच के बाद जरूरत पड़ने पर उन्हें मारे जाने से इन्कार भी नहीं किया है।
स्थानीय अधिकारी एलेक्जेंडर मिनायेव ने कहा, 'दिसंबर के बाद से करीब 52 पोलर बियर द्वीप समूह के मुख्य रिहाइशी इलाकों में आ चुके हैं जिनमें से कई हिंसक प्रवृत्ति के थे। छह से 10 तो हर वक्त उन इलाकों में घूमते रहते हैं। इस कारण लोग घर से निकलने से भी डरते हैं।'
उल्लेखनीय है कि जलवायु परिवर्तन के कारण आर्कटिक की बर्फ पिघलने से पोलर बियर काफी प्रभावित हैं। रूस में उन्हें संकटग्रस्त जीवों की सूची में रखा गया है। उनका शिकार करने पर प्रतिबंध है।