छिड़ी हथियारों की होड़: पुतिन ने कहा- रूस हाइपरसोनिक मिसाइल से बचाव में भी मारेगा बाजी
पुतिन ने किसी देश का नाम न लेते हुए कहा बहुत जल्द हाइपरसोनिक हथियार दुनिया के प्रमुख देशों के पास आ जाएंगे। इसके बाद उनसे बचाव के उपाय करने होंगे।
मॉस्को, रायटर। दुनिया में छिड़ी हथियारों की होड़ के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि उनका देश जल्द ही हाइपरसोनिक हथियारों का मुकाबला करने में सक्षम हो जाएगा। हाइपरसोनिक मिसाइल वह होती है जो 6,150 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे ज्यादा रफ्तार से सफर तय कर दुश्मन के ठिकाने पर हमला करती है। दुनिया में अभी तक रूस ने परमाणु हथियारों से लैस हाइपरसोनिक मिसाइलों की तैनाती की है जबकि अमेरिका उनका परीक्षण कर रहा है। भारत की शौर्य मिसाइल भी हाइपरसोनिक मिसाइलों की श्रेणी की है।
तेज गति से कम ऊंचाई पर सफर तय करने के कारण रडार की पकड़ से बच सकती है
हाइपरसोनिक मिसाइल कम लेकिन एक समान ऊंचाई पर सफर तय करती है। अत्यधिक तेज गति से कम ऊंचाई पर सफर तय करने के कारण इनके रडार की पकड़ से बचने की काफी संभावना होती है। रडार की पकड़ में आने के बावजूद इन्हें रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम एक्टिव करने के लिए काफी कम समय रहता है।
दुनिया में शीतयुद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और रूस के बीच समझौता अब खत्म हो रहा
दुनिया में शीतयुद्ध की स्थितियां खत्म करने के लिए अमेरिका और रूस के बीच हुए समझौतों का समय अब खत्म हो रहा है। कुछ समझौते खत्म भी हो गए हैं। इसी के साथ दोनों देशों के बीच हथियारों की होड़ एक बार फिर से शुरू हो गई है। 2019 में रूस ने परमाणु हथियार से लैस हाइपरसोनिक मिसाइल तैनात की तो अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो के सदस्य देशों पर खतरा बढ़ गया। इसके बाद अमेरिका ने आनन-फानन में परीक्षण करने शुरू किए। इसके लिए कोरोना वायरस के संक्रमण काल की बंदिशों को भी पीछे छोड़ दिया गया। अमेरिका के परीक्षण सफल रहे हैं। जल्द ही अमेरिका भी इन मिसाइलों की तैनाती कर देगा।
पुतिन ने कहा- बहुत जल्द हाइपरसोनिक हथियार दुनिया के प्रमुख देशों के पास आ जाएंगे
पुतिन ने किसी देश का नाम न लेते हुए कहा, बहुत जल्द हाइपरसोनिक हथियार दुनिया के प्रमुख देशों के पास आ जाएंगे। इसके बाद उनसे बचाव के उपाय करने होंगे। रूस बहुत जल्द इन उपायों को तलाश लेगा और उनकी तैनाती कर देगा।