पाक के लिए अपनी सहायता नीति की समीक्षा कर रहा ट्रंप प्रशासन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन पाकिस्तान को दी जाने वाली सहायता की समीक्षा कर रहा है। इसे जल्द ही अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन पाकिस्तान को दी जाने वाली सहायता की समीक्षा कर रहा है। इसे जल्द ही अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। ट्रंप प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी ने सांसदों को यह जानकारी दी।
तालिबान के साथ शांति वार्ता में पाकिस्तान के महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के परिणामस्वरूप युद्धग्रस्त अफगानिस्तान से 14 हजार अमेरिकी सैनिकों की वापसी हो सकती है। ट्रंप प्रशासन इसी को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान के लिए अपनी सहायता नीति की समीक्षा कर रहा है।
कांग्रेस की गुरुवार को एक बैठक में यूएसएआइडी के प्रशासक मार्क ग्रीन ने हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के सदस्यों को बताया, 'हम पाकिस्तान को दी जाने वाली अमेरिकी सहायता की समीक्षा कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। फिर आगे क्या होगा इसके बारे में हम आपको बताएंगे।'
पिछले साल अमेरिका ने सहायता राशि पर लगा दी थी रोक
पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान पर अमेरिका के लिए कुछ नहीं करने, बल्कि उससे 'झूठ बोलने और धोखा देने' तथा आतंकवादियों को 'सुरक्षित पनाहगाह' मुहैया कराने का आरोप लगाया था। इसके बाद पाकिस्तान और अमेरिका के संबंधों में काफी शिथिलता आ गई है। पाकिस्तान द्वारा अपनी धरती पर सक्रिय हक्कानी नेटवर्क और तालिबान जैसे आतंकवादी समूहों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई न करने से नाराज ट्रंप प्रशासन ने सितंबर में पाकिस्तान को सैन्य सहायता के रूप में दी जाने वाली 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 2074 करोड़ रुपये) की सहायता राशि को रोक दिया था।